बथवरिया : बगहा एक प्रखंड के सलहा गांव में बुधवार की सुबह परचाधारी विवादित भूमि से धान काटने की पूरी तैयारी में थे. कई परचाधारी खेत में हंसुआ लेकर पहुंच भी गये थे. तभी चौतरवा थाने के थानाध्यक्ष रामबाबू प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे और धान की कटनी पर रोक लगा दी.
थानेदार ने समझौता वार्ता के लिए परचाधारियों को आमंत्रित किया. सलहा गांव में परचाधारी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक एक बैठक चली. बैठक में इलाके के कई प्रबुद्ध लोग भी शामिल हुए. परचाधारियों ने बगहा एक के सीओ राजकिशोर साह पर आरोप लगाया कि खेत में लगे धान के फसल को परचाधारियों ने लगाया है. जबकि सीओ ने न्यायालय को गुमराह करने के लिए गलत प्रतिवेदन दिया था.
ऐसे में सीओ राजकिशोर साह पर गलत प्रतिवेदन देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए. तभी हम प्रशासन की बता मानेंगे. लोक संघर्ष वाहिनी के पंकज ने बताया कि सीओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का लिखित आवेदन दिया गया, जिसे बगहा एसडीपीओ ने रिसीव किया.
उसके बाद परचाधारी धान की कटनी रोकने पर सहमत हो गये. हालांकि पहले से खेत में काट कर रखे गये धान के बोझा को पुलिस ने जब्त किया. एसडीपीओ रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि न्यायालय के आदेश के आलोक में धान की कटनी पर रोक लगा दी गयी है. इस संबंध में वरीय अधिकारियों को सूचना दी गयी है. आदेश मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
