बेतिया : शहर के पॉश इलाका मीना बाजार में टाइम एंड टाइम व वीआइपी के शो-रूम में गुरुवार को आग लग गयी. इससे वहां अफरातफरी मच गया. आग शार्ट-सर्किट से लगी. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि अगलगी से महंगे वीआईपी सूटकेस, बैग, घड़ी, इलेक्ट्रानिक्स समेत करीब पांच लाख के सामान जल गये.
जानकारी के अनुसार, मीना बाजार तांगा स्टैंड के पास तीन मंजिली इमारत में सबसे उपर वाली मंजिल पर टाइम एंड टाइम का शो-रूम है व दूसरी मंजिल में वीआईपी व नीचे ग्राउंड फ्लोर में घड़ी की दुकान है. दोपहर करीब साढ़े 12 बजे. सबसे उपरी मंजिल पर शार्ट सर्किट होने से टाइम एंड टाइम के शो-रूम में अचानक आग लग गयी.
देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गयी. आग पर काबू पाने के लिए पहले अगल-बगल के दुकानदारों ने पूरी कोशिश की. पर वे इसमें सफल नहीं हो सके और आग दूसरी मंजिल के वीआइपी शो-रूम तक पहुंच गयी. सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बचाव में लग गयी. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सक. शो रूम के प्रोपराइटर अजीत कुमार ने बताया कि आग शाॅट सर्किट से लगी है.
रहा अफरातफरी का माहौल
आग लगने से मीना बाजार में अफरातफरी मच गयी. ज्यादातर दुकानदार दुकानों को छोड़ बचाव में जुट गये. डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
