चनपटिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक माह पूर्व हुए बच्चे के अपहरण के मामले में चनपटिया के एक युवक को यूपी पुलिस ने हिरासत में लिया है. हिरासत में लिया गया युवक चनपटिया बाजार के चन्द्रगुप्त गुप्ता का पुत्र करण गुप्ता बताया गया है. करण की गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गयी है. उस पर देवरिया कोतवाली थाना में बच्चे का अपहरण व रंगदारी का मामला दर्ज है.
करण पर आरोप है कि उसने व उसके गिरोह के लोगों ने सितंबर माह में देवरिया कोतवाली क्षेत्र से काशीनाथ तिवारी के पुत्र शिवम कुमार (14) का अपहरण कर लिया था. अपहरण की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी शिवम के पिता के मोबाइल पर फिरौती की मांग करते थे. फिरौती की राशि नहीं देने पर शिवम की हत्या करने की भी धमकी दी थी. इधर पुलिस मोबाइल के लोकेशन से अपराध का केंद्र बिंदू चनपटिया पता लगायी. करण भी पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल कर लिया है. पुलिस करण के बयान के आधार पर उसके गिरोह के करीब पहुंचने का दावा कर रही है. चनपटिया थानाध्यक्ष आरके झा ने करण की गिरफ्तारी की बात स्वीकार की है.
