बेतिया : मोतिहारी-बेतिया एनएच 28 बी जाैकटिया के समीप वाहन की ठोकर से 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. मृतक बच्ची मझौलिया थाना के गढ़वा के मोजिबुल्लाह की पुत्री वसीमा खातून बतायी गयी है. घटना के बाबत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वसीमा अपने मामा के घर जाैकटिया आयी हुई थी.
शाम में वह सड़क पार कर रही थी. इसी बीच एक अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. परिजनों ने बच्ची को इलाज के लिए एमजेके अस्पताल लाया. जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.वहीं शुक्रवार को खेत में रोपनी कराने गये लोगों के साथ बच्ची को तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने कठैया नहर के समीप ठोकर मार दी. परिजनों ने बच्ची को सदर अस्पताल में भरती कराया.
जहां बच्ची की मौत हो गयी. बच्ची की पहचान मुफस्सिल थाना के बड़ा बरवत निवासी संजय महतो की पुत्री राघुनी कुमारी (4) के रूप में हुई है. वहीं बाइक चालक बाइक छोड़ फरार है. वहीं गुरुवार की रात सहोदरा थाना के जमुनिया बाजार के समीप एक साइकिल चालक को बाइक ने ठोकर मार दी. जिसमें साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसकी चिकित्सा सदर अस्पताल में चल रही है. घायल की पहचान सहोदरा निवासी पदू महतो का पुत्र विजय महतो (30) के रूप में हुई है.
वहीं बाइक को सहोदरा पुलिस ने जब्त कर लिया है तथा बेतिया-बैरिया सड़क मार्ग के बगही के समीप गुरुवार की संध्या बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल की पहचान बैरिया थाना के पोखरिया निवासी इद्रिश हवारी की पत्नी जरीना खातून (35) के रूप में हुई है. महिला बेतिया से बैरिया अपने दामाद के साथ जा रही थी. सरिसवा रोड में बारी टोला रेलवे ढ़ाला के समीप टेंपो और बाइक टक्कर में दो लोगों जख्मी हो गये.
घायलों की पहचान मुफस्सिल थाना के सिंगाछापर गांव निवासी संचित राय का पुत्र प्रकाश राय (22) तथा चनपटिया थाना के त्रिहुतिया टोला निवासी हुसैनी गद्दी का पुत्र महम्मद अयूब (18) के रूप में हुई है.
वहीं नगर थाना के बसवरिया इमली चौक पर बाइक ने एक वृद्ध को ठोकर मार दी. घायल वृद्ध की पहचान नौतन थाना के संतपुर गांव निवासी शंकर मुखिया (55) के रूप में हुई है. घायल ने बताया कि जैसे ही जीप से उतरा की बाइक ने ठोकर मार दी और फरार हो गया.
