दूसरे के नाम पर परीक्षा देनेवाले बिहार के आठ छात्रों की तलाश
बेतिया : मध्यप्रदेश के व्यापमं घोटाले के जांच की आंच बेतिया तक पहुंच गयी है. जांच में जुटी टीम को बेतिया के भी एक छात्र की तलाश है. इसकी जांच के लिए टीम शनिवार की रात गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज बेतिया पहुंची थी, लेकिन छात्र नहीं मिला. फिलहाल टीम ने प्राचार्य से नामांकन की सीडी मांगी है. स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश की एसटीएफ टीम दूसरे के नाम पर परीक्षा देने वाले बिहार के आठ छात्रों की तलाश कर रही है.
इसमें पीएमसीएच पटना के अलावा समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और बेतिया के भी एक-एक छात्र शामिल हैं. जिनकी एसटीएफ सरगरमी से तलाश कर रही है. इधर, शनिवार की रात बेतिया मेडिकल कॉलेज पहुंची टीम ने घंटों कागजात की छानबीन की थी. पूछताछ भी की. टीम ने प्राचार्य से नामांकन की सीडी तलब की है. घोटाले की जांच में जुटी टीम की ओर से सीडी मांगे जाने के बाद खलबली मची है. माना जा रहा है कि सीडी जांच के बाद घोटाले से जुड़े कई राज खुल सकते हैं. मध्य प्रदेश में मेडिकल-इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश परीक्षा के नाम पर फर्जीवाड़ा किया गया है. दूसरे के नाम पर छात्रों ने प्रवेश परीक्षा दी थी, फिर नामांकन करा लिया था. इसमें बिहार के भी छात्र शामिल थे.
व्यापमं घोटाले की जांच में जुटी टीम ने मेडिकल कॉलेज में जांच की है. टीम की ओर से सीडी मांगी गयी है.
प्रो. डॉ राजीव रंजन प्रसाद, प्राचार्य गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज बेतिया
