बेतिया : भूकंप हादसा को देख कर घबड़ाये मंडल कारा में बंद पांच बंदी समेत एक बैंक कर्मी छत से कूद गये. सदर अस्पताल में भरती बंदी घनश्याम साह का पुत्र पवन कुमार ने बताया कि जब भूकंप का झटका आया तो वह मंडल कारा की छत पर था. जब कुछ नहीं समझ में आया तो दूसरे बंदियों को छत से कूदते हुए देख कर वह भी कूद पड़ा. इस दौरान वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
इधर, एलआइसी कॉलोनी निवासी एक्सीस बैंक के कर्मी मुकेश पांडेय भी भूकंप के दहशत से छत से कूद पड़े. उन्होंने बताया कि घर के सारे दरवाजे बंद थे. पहला झटका तो वे किसी तरह बरदाश्त कर लिये. दूसरे झटका उनसे सहन नहीं हो पाया और जान बचाने के लिए छत से कूद पड़े.
रानी पकड़ी गांव में दीवार से दबे चार बच्चे, जख्मी
बेतिया. मुफस्सिल थाना के रानी पकड़ी गांव में भूकंप में दीवार गिरने से शनिवार को चार बच्चे दब गये. चारों बच्चों को काफी गहरा जख्म लगा है. चारों बच्चों को एमजेके अस्पताल में इलाज के लिए भरती कराया गया है. चिकित्सकों ने बच्चों को खतरे से बाहर बताया है.
बताया जाता हैं कि रानी पकड़ी गांव में रवींद्र साह का घर भूकंप में गिर गया. इस दौरान उनके और उनके भाई के बच्चे दब गये. परिजनों ने किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला. घायल बच्चों में रवींद्र साह का पुत्र प्रियांशु कुमार ,पुत्री अंतिमा कुमारी, आदित्य कुमार, सीतम साह की पुत्री ज्योति कुमारी शामिल है.
