शमीम की शादी में कानूनी पेच
बेतिया : ठग का कारोबार करने वाले शमीम बाबा की जमानत याचिका सीजेएम के न्यायालय ने खारिज कर दी है. शमीम बाबा की शादी बुधवार को तय है, लेकिन अब कैसे होगी, इस पर संशय बरकरार है. शादी की अरजी पर भी न्यायालय ने कोई मंजूरी नहीं दी है. इधर, आंबेडकर जयंती पर न्यायालय बंद रहने के चलते शमीम व शाहीना के परिवार वालों की बेचैनी बढ़ गयी है.
शमीम के अधिवक्ता मुस्ताक ने बताया कि सीजेएम के न्यायालय में जमानत के लिए अरजी दाखिल की गयी थी. लेकिन सोमवार को सीजेएम के अनुपस्थित रहने के कारण मामला एसीजेएम के न्यायालय में चला गया. उन्होंने शमीम की जमानत याचिका खारिज कर दी. कोर्ट बंद रहने के कारण मंगलवार को शादी के लिए कोई राहत नहीं मिली है. बुधवार को इस पर पहल की जायेगी.
क्या है मामला
नरकटियागंज के दउलिया निवासी शमीम बाबा एक युवती से झाड़-फूंक के नाम पर यौन शोषण करने के आरोप में जेल में बंद है. उसकी शादी 15 अप्रैल को साठी थाना के दनियाल परसौना गांव निवासी शाहीना से तय है. शादी की तैयारी दोनों पक्षों ने पूरी कर ली है. यहां तक दूर-दराज के रिश्तेदार भी पहुंच गये हैं. सभी की निगाहें बुधवार को न्यायालय के फैसले पर टिकी हुई है. 9 अप्रैल को पुलिस ने शमीम को नरकटियागंज से गिरफ्तार किया था. उधर, शमीम बाबा व शाहीना की शादी में शिकरत करने के लिए शाहीना के रिश्तेदार मुंबई से दनियाल परसौना पहुंच चुके है.
बरातियों के स्वागत के लिए खाना व पंडाल की भी व्यवस्था हो चुकी है. सभी को विश्वास हैं कि शमीम को न्यायालय से निकाह के लिए राहत मिलेगी. शमीम बाबा व शाहीना की शादी के लिए दोनों ओर से कार्ड छप चुके हैं. शादी में आमंत्रण के लिए कार्ड भी बांटे गये हैं. इस शादी में कई दिग्गज व जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रण दिया गया है.
