नगर के मुख्य मार्गो पर फिर से अतिक्रमण करने वाले सावधान हो जाय.अन्यथा कार्रवाई के लपेटे में आ सकते है. डीएम लोकेश कुमार सिंह ने अतिक्रमण हटाने के बाद फिर से किये अतिक्रमणकारियों पर एसडीएम व नप कार्यपालक पदाधिकारी को कार्रवाई का निर्देश दिया है.
निरंतर चलेगा शहर में अभियान
डीएम ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर चलाते रहने का आदेश नप कार्यपालक पदाधिकारी को दिया है. इसके लिए नप इओ को एक कार्य योजना तैयार करने को कहा है. उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के साथ हीं नाला की सफाई एवं निकले मलबे को भी हटाने को कहा है. सिटी मैनेजर दीपक कुमार तिवारी को डीएम ने यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए प्लानिंग बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है.
प्रतिष्ठानों ने नहीं बनाया पार्किग
नगर में जाम की समस्या गलत ढंग से पार्किग करने से ज्यादातर उत्पन्न होती है. वह चाहे लाल बाजार हो या स्टेट बैंक रोड. इसी रोड में सबसे ज्यादा जाम लगती है. तत्कालीन डीएम अभय कुमार सिंह ने सभी बैंकों को पार्किग की सुविधा ग्राहकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. लेकिन हाकिम बदले और आदेश भी ठंडा पड़ गया.
नो पार्किग जोन में लगते हैं वाहन
नप प्रशासन की ओर से नगर में कई जगहों पर नो पार्किग जोन चिह्न्ति कर बोर्ड भी लगाया गया है. बोर्ड को लगे हुए पूरे एक साल हो गये. लेकिन नो पार्किग में आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उलटे जहां नो पार्किग की बोर्ड लगी हैं वही सबसे ज्यादा पार्किग होती है. नप प्रशासन को तो छोड़िए, पुलिस भी सड़कों पर बेतरकीब लगी वाहनों को आज नहीं पकड़ी. अगर सही में जाम की समस्या से निपटना हैं तो नगर में पार्किग की सुविधा बढ़ाने के साथ नियम भी सख्त किया जाय.
