बेतिया : कलेक्ट्रेट स्थित क्षेत्रीय अभिकरण संगठन के कार्यालय में घुस कर शुक्रवार को कुछ लोगों ने क्लर्क प्रमोद कुमार मिश्र की पिटाई कर दी. क्लर्क व कार्यालय में कार्यरत कर्मी जब तक शोर मचाते हमलावर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही डीएम लोकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंच कर कार्यपालक अभियंता रामजी राय से वस्तुस्थिति की जानकारी ली.
नगर थानाध्यक्ष विमलेंदू कुमार दल बल के साथ पहुंच हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कलेक्ट्रेट के आस-पास छापेमारी की. लेकिन हमलावर हाथ नहीं लगे. क्लर्क प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि दोपहर 1.30 बजे के करीब दो-तीन की संख्या अज्ञात युवक आये.
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत विधायक निधि से हुए कार्य का चेक काटने का दबाव बनाने लगे. इतने में युवकों ने हमला बोल फरार हो गये.
हमलावरों की पहचान न होना बना संदेहास्पद!
बेतिया. एलक्ष्ओ के क्लर्क पर हुए हमला में शामिल लोगों की पहचान नहीं होने से एलक्ष्ओ कार्यालय के कर्मियों पर सवालिया निशान खड़े होने लगे है. बताया जाता हैं कि हमलावर बगहा के क्षेत्र में चल रहे मुख्य क्षेत्र विकास योजना के चेक पेमेंट कराने के लिए पहुंचे थे. जबकि कार्यपालक अभियंता रामजी राय ने बताया कि उक्त कार्य विभागीय चल रहा है. जब कार्य विभागीय चल रहा हैं तो हमलावर कौन थे? कैसे उनकी पहचान नहीं हो सकी.
कार्यालय सूत्रों के अनुसार, विधायक निधि से उक्त कार्य चल रहे है. इसमें सहायक अभियंता को कार्यकारी एजेंसी बनाया गया है. विधायक के सहयोगी और कार्यकर्ता ही काम कराते है. फिर हमलावर को पहचान नहीं होना और अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को आवेदन देना संदेहास्पद प्रतीत होने लगा है.
कार्यपालक अभियंता पर भी हो चुकी है गोलीबारी
पिछले वर्ष ही एलक्ष्ओ के कार्यपालक अभियंता पर गोलीबारी हुई थी. इस हमले में कार्यपालक अभियंता बाल-बाल बच निकले.
पुलिस ने बाद में हमलावरों की पहचान कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर ली.
