बेतिया : स्वच्छता अभियान के तहत जिले के 50 पंचायतों का चयन किया गया है. इनमें प्रमुखता से घर-घर शौचालय निर्माण कार्य वर्ष 2015-16 में कराया जायेगा. डीएम लोकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय के विकास भवन में चयनित पंचायत के मुखिया व समाजसेवियों के बीच प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित की गई. डीएम ने मुखिया को बताया कि पीएचइडी ने शौचालय का मॉडल तैयार कर लिया है.
उसके अनुरूप ही 12 हजार रुपये में शौचालय तैयार हो जा रहे हैं. उसी मॉडल को लागू करते हुए अपने पंचायत के लोगों को जागरूक कर शौचालय का निर्माण कराये. ताकि खुले में शौच जाने की प्रथा समाप्त हो जाय. इस बैठक में पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता भोग्रेंद्र झा समेत उक्त पंचायतों के मुखिया भीउपस्थित थे.
शौचालय निर्माण के लिए हुआ है बेस सर्वे
उपविकास आयुक्त जवाहर प्रसाद ने बताया कि शौचालय निर्माण के लिए सभी पंचायतों का बेस सर्वे कराया गया है. बेस सर्वे में उक्त पंचायत के एपीएल व बीपीएल परिवार की सूची है. प्राथमिकता के आधार पर पहले इन परिवार का शौचालय निर्माण कराया जायेगा. अगर किसी परिवार का इन दोनों सूची में नाम नहीं हैं तो उनके लिए 1 अप्रैल को सरकार को अलग से सूची भेजी जायेगी.
इन पंचायतों का हुआ है चयन
बगहा1 के परसा बनचहरी, बीबी बनकटवा, इंगलिशिया , बगहा 2 के नयागांव रामपुरवा, सेमरा कटकुइया, चमवलिया, बेलहवा मदनपुर , बैरिया के उतरी पटजिरवा, सिसवा सरैया , बगही बघम्बरपुर, बेतिया के बरवत सेना, बरवत पसराइन, चनपटिया के रानीपुर रमपुरवा, अवरैया, भैंसही पोखरिया, गिद्धा, कुड़वा मठिया, लालगढ़, उतरी घोघा, दक्षिणी घोघा, गौनाहा के धनौजी, धमौरा, सीठी, बेलवा, जमुनिया, दोमठ, योगापट्टी के ढढ़वा, बासोपट्टी, नवलपुर ,लौरिया के मठिया, लाकड सिसई, मैनाटांड़ के बरवा, महुअवा सगरवा, रामपुर, भंगहा, मझौलिया के बैठनिया भानाचक, रतनमाला, सेनवरिया, ठकराहा के जगिराहा, पिपरासी के मझरिया, नरकटियागंज के पुरैनिया हरसरी , नौतन के जगदीशपुर, रामनगर के नौरंगिया दोन, खटौरी, सिकटा के बलथर, जग्रनाथपुर, कठिया मठिया व बेहरा शामिल हैं.
