कार्रवाई : आरोपित की निशानदेही पर बरामद की गयी बाइक
बेतिया : नौतन थाना के खड्डा स्टेडियम के समीप हुए बाइक लूट कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर ली. लूटकांड में गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सन सरैया के अरबाज खां, मोहम्मद नेजाम, अस्फाक खां, अली शेर खां के रूप में हुई है.
एसपी सौरभ कुमार शाह ने बताया कि ये सभी लूटकांड में शामिल थे. इनकी निशानदेही पर ही लूटी गयी पैशन प्रो बाइक भी जब्त की गयी. पीड़ित जितेंद्र कुमार के बयान पर ही उक्त अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है. एसपी ने बताया कि शनिवार को खड्डा स्टेडियम के समीप पूर्व उप मुखिया किशोरी साह से उनकी पैशन प्रो बाइक लूटी गयी थी.
घटना स्थल पर ही ग्रामीणों के सहयोग से एक अपराधी अरबाज खां को गिरफ्तार कर लिया गया. जिससे पूछताछ के बाद अन्य अपराधियों को विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया. लूटकांड के अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ रामानंद कुमार कौशल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी. टीम में नगर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और युसूफ अंसारी आदि शामिल थे.
बाइक लूट का सरगना है लड्डू
एसपी सौरभ ने खुलासा किया कि गिरफ्तार अपराधियों से हुई पूछताछ में पता चला हैं कि बाइक लूट का सरगना मुफस्सिल थाना के सन सैरया निवासी लड्डू खां है. लड्डू खां का शमसुल खां का पुत्र है. बाइक लूट का गिरोह पूर्वी व पश्चिम चंपारण में चलाता है. गिरोह के सदस्यों के एक बाइक की लूट पर होने पर एक हजार प्रति व्यक्ति रुपया देता है.
10 बाइक उड़ा चुका है लड्डू गिरोह
शातिर लड्डू खां का गिरोह अब तक इस जिले से 10 बाइक उड़ा चुके हैं. इसमें मीना बाजार शौचालय के पास से चोरी की गई हीरो होंडा, सुप्रिया होटल के पास से बजाज डिस्कवर, शांतिनगर से बजाज डिस्कवर कमलनाथ नगर से एक घर का ग्रील काट कर पल्सर मोटर साइकिल, एमजेके अस्पताल से हीरो होंडा, सुप्रिया सिनेमा के पास बैंक से एक सुपर स्पेलेंडर, नरकटियागंज से एक पैसन प्रो, बेतिया ब्लॉक से हीरो होंडा, भगवती नगर मोटर साइकिल एजेंसी के करीब से पैसन प्रो, परवतिया टोला से एक बजाज प्लेटिना बाइक शामिल है.
अवैध खनन मामले में चार के विरुद्ध प्राथमिकी
गौनाहा. सहोदरा थाना क्षेत्र के एकवा-परसौनी गांव के चार लोगों पर अवैध खनन की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में वनपाल रामविलास राम ने बताया कि एकवा परसौनी गांव निवासी शेख नसीम, शेख एकलाक, अलाउद्दीन अंसारी, कलाम अंसारी ने अवैध रूप से खनन करवा रहे थे. जब मैंने मना किया गया तो उनलोगों ने मेरे साथ मारपीट की. थानाध्यक्ष राम कुमार प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. जांच पड़ताल की जा रही है.
