मोतिहारी : भारतीय स्टेट बैंक बाजार शाखा के शाखा प्रबंधक एवं अन्य पर धोखाधड़ी कर लॉकर से 18 भर आभूषण गायब करने का आरोप स्टेशन रोड स्थित शांतिपूरी मुहल्ला निवासी आनंद कुमार की पत्नी इंदू देवी ने लगाया है. नगर थाना में दिये गये आवेदन में पीड़िता इंदू देवी ने कहा है कि भारतीय स्टेट बैंक के बाजार शाखा में पिछले 20 वर्षों से किराये पर लॉकर लेकर अपना आभूषण रखी थी. 13 मार्च को शादी व्याह को ले कुछ आभूषण निकाला फिर बंद कर दिया.
दो दिन पूर्व निकाले गये आभूषण को रखने गयी तो सभी आभूषण गायब थे. इस संबंध में इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक से की तो वे माकुल जबाब नही दिये. श्रीमति देवी ने आरोप पत्र में आगे कहा हे कि हमें आशंका है कि शाखा प्रबंधक और मेरे पति मिल कर उक्त आभूषण को गायब कर दिये है. इधर दूरभाष पर शाखा प्रबंधक से दो बार संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया. लेकिन संपर्क स्थापित नही हो सका. इधर नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि इस मामले की छान-बीन के बाद अग्रेत्तर कार्रवई की जायेगी.
