भाकपा के दो दिवसीय सम्मेलन का समापन
सरकारी कार्यालयों में लूट खसोट : त्रिवेणी
मोतिहारी : भारतीय कम्यूनिष्ट पार्टी ने संगठन विस्तार के लिए जिले के तुरकौलिया में दो दिवसीय सम्मेलन संपन्न हो गया. कार्यक्रम के समापन भाषण में पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य रामबाबू कुमार ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में अराजकता की स्थिति पैदा की है, जिसके निराकरण के लिए पार्टी संगठन को मजबूत कर जन आंदोलन करना है. आंदोलन के बल पर ही भाजपा के नापाक इरादे को नाकाम किया जा सकता है. वहीं नोटबंदी की चर्चा करते हुए पार्टी के राज्य सचिव सह पूर्व विधायक सत्यनारायण सिंह ने कहा कि भाजपा अपने अमीर साथियों को फायदा पहुंचाने के लिए
नोटबंदी का नाटक कर पूरे देश के छोटे व्यापारियों एवं किसानों को तबाह कर दी है. यह नोटबंदी अमीरों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है. पार्टी के वरीय नेता व पूर्व विधायक त्रिवेणी तिवारी ने कहा कि जिले के सरकारी कार्यालयों में लूट-खसोट का माहौल बन गया है. बिना रिश्वत दिये कोई काम नहीं होता है. ऐसे में श्री तिवारी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए संगठित होने की बात कहीं. वहीं जिला सचिव रामबच्चन तिवारी ने कहा कि डीएम यदि गरीबों को घर बासकीत का पर्चा नहीं देंगे तो भाकपा आंदोलन कर जिला प्रशासन को पर्चा देने के लिए बाध्य करेगी. समापन कार्यक्रम को विजय शंकर सिंह, रामायण सिंह, राधामोहन सिंह सहित कई अन्य ने संबोधित किया.
धन्यवाद ज्ञापन अंचल सचिव गिरजानंद राय ने किया.
प्रस्ताव
तीन से 10 जनवरी तक नोटबंदी के खिलाफ जन जागरण
26 जनवरी को संविधान बचाओ दिवस
30 जनवरी को सांप्रदायिकता विरोधी दिवस मनाने का फैसला
प्रमुख मांगें :
मोतिहारी एवं चकिया चीनी मिल को चालू करना एवं किसानों के बकाये का भुगतान
प्रखंड में कोल्ड स्टोरेज का निर्माण
आयुर्वेदिक कॉलेज चालू करना
