बिहार : मोतिहारी में चालक को बंधक बनाकर पिकअप वैन लूटने वाले 3 अपराधी गिरफ्तार

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने चकिया थाना क्षेत्र में आज एक पिकअप वैन को लूटने और उसके चालक को बंधक बनाने वाले तीन अपराधियों को धर दबोचा. पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में पीपरा थाना अंतर्गत मधुरापुर गॉव निवासी शशिरंजन राम एवं चंदन कुमार तथा चकिया थाना […]

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिला पुलिस ने चकिया थाना क्षेत्र में आज एक पिकअप वैन को लूटने और उसके चालक को बंधक बनाने वाले तीन अपराधियों को धर दबोचा. पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में पीपरा थाना अंतर्गत मधुरापुर गॉव निवासी शशिरंजन राम एवं चंदन कुमार तथा चकिया थाना अंतर्गत पथनीयां टोला नीवासी मोहम्मद अली शेख शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इन अपराधियों के पास से एक पिस्तौल, तीन कारतूस एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किये है. राणा ने बताया कि इन अपराधियों ने उक्त पिकअप वैन को चकिया में 1500 सौ रुपये में भाड़े पर लिया और उसके चालक सुरेन्द्र महतो को बांधकर वैन की सीट के नीचे छुपा दिया तथा अरेराज के रास्ते पड़ोसी जिला पश्चिमी चंपारण मुख्यालय बेतिया में वाहन लूटने वाले एक गिरोह के अन्य सदस्यों को साैंपने जा रहे थे. मोतिहारी पुलिस ने बंधक चालक एवं लूट के बोलेरो पिकअप वैन सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

राणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संग्रामपुर थाना क्षेत्र से उक्त वैन को रोका और इन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वैन चालक को मुक्त कराया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में शामिल शशि रंजन का अपराधिक इतिहास रहा है. इन अपराधियों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि ये अपराधी पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी स्थित केंद्रीय कारा में बंद मुखियाजी नामक अपराधी के गिरोह के सदस्य हैं और मुखियाजी के कहने पर ही इस घटना को अंजाम दिया है.

अधिकारी ने बताया कि मुखियाजी का गिरोह बेतिया में मुख्य रूप से सक्रिय है. इस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर बेतिया भेज दी गयी है. अपराधियों से जब्त मोबाइल का विवरण निकाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि ये गिरोह हाइवे पर ट्रक लूट और अवैध शराब ढुलाई में इस तरह के लूटे गये वाहन का प्रयोग करते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >