मुजफ्फरपुर हादसा. शहर के ठाकुरवाड़ी मोहल्ला का था रहने वाला, कई साल रहा था मोतिहारी जेल में

विस्फोट में मारा गया रमेश था पेशावर अपराधी मोतिहारी : मुजफ्फरपुर के त्रिलोकीनाथ मंदिर लेन में बम विस्फोट में मारा गया मोतिहारी ठाकुरवाड़ी मोहल्ला का रमेश कुमार श्रीवास्तव पेशावर अपराधी था. उसकी सांठगांठ कई कुख्यात आपराधियों से थी. उसने जमीनी विवाद में बड़े भाई राजीव रतन श्रीवास्तव पर बम से जानलेवा हमला किया था. बम […]

विस्फोट में मारा गया रमेश था पेशावर अपराधी

मोतिहारी : मुजफ्फरपुर के त्रिलोकीनाथ मंदिर लेन में बम विस्फोट में मारा गया मोतिहारी ठाकुरवाड़ी मोहल्ला का रमेश कुमार श्रीवास्तव पेशावर अपराधी था. उसकी सांठगांठ कई कुख्यात आपराधियों से थी.
उसने जमीनी विवाद में बड़े भाई राजीव रतन श्रीवास्तव पर बम से जानलेवा हमला किया था. बम विस्फोट की घटना के बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की थी तो हथियार व कारतूस बरामद हुआ था. मुजफ्फरपुर में बम बनाने के दौरान विस्फोट में रमेश की मौत की खबर मोहल्लेवासियों तक पहुंची जरूर, लेकिन उसकी मौत का थोड़ा भी अफसोस न तो मोहल्लेवासियाें को थी, नहीं आसपास रहने वाले उसके पटीदारों को.
उसके संबंध में हर कोई कुछ भी बताने से कतराता दिखा. लोगों ने इनता जरूर बताया कि तीन रोज पहले रमेश अपने घर के दरवाजे पर कुछ संदिग्ध लोगों से बातचीत करते दिखा था. रमेश के प्रति मोहल्लेवासियाें व रिश्तेदारों की नाराजगी के वजह की पड़ताल की गयी तो पता चला कि वह आपराधिक मानसिकता का लड़का था. इसके कारण रिश्तेदार से लेकर आस-पड़ोस के लोग उससे दूरी बनाकर रहते थे.
एक व्यक्ति ने बहुत कुरेदने पर बताया कि रमेश के पिता स्व गंगानाथ श्रीवास्तव सिविल कोर्ट में पेशकार हुआ करते थे. रमेश के आपराधिक मानसिकता के कारण पांच साल पहले हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गयी. ढाका के करमावा गांव के रहने वाले स्व गंगानाथ श्रीवास्तव को तीन लड़का व एक लड़की है. सबसे बड़ा लड़का राजीव रतन श्रीवास्तव शहर में किसी जगह किराये के मकान में रहता है,
जबकि दूसरा लड़का छोटेलाल कुमार दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है. रमेश उनका सबसे छोटा लड़का था. लड़की मुन्नी कुमारी की शादी हो चुकी है. बताया जाता है कि रमेश बम बनाने में माहिर है. बम बनाकर अपराधियों को सप्लाई करता था. मुजफ्फरपुर के एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए ही रमेश को बम बनाने को मुजफ्फरपुर भाड़े पर बुलाया था.
बम विस्फोट कर दहला दिया था मोहल्ला : रमेश ने जमीनी विवाद में बड़े भाई राजीव रतन श्रीवास्तव पर बम फेंक जानलेवा हमला किया था. घटना वर्ष 2012 के 17 अगस्त सुबह की है. बम विस्फोट की घटना में राजीव रतन के साथ-साथ उस रास्ते से गुजर रहे वार्ड पार्षद रेयाज मुस्तफा सहित दो अन्य लोग घायल हो गये थे. वहीं बम के छिटे से रमेश का आंख भी जख्मी हो गया था. बम विस्फोट से ठाकुरवाड़ी मोहल्ला दहल गया था. उस घटना के बाद से ही राजीव रतन ने अपनी मां सहित भाई से संबंध तोड़ लिया और अलग रहने लगा.
ठाकुरवाड़ी स्थित घर में लगा था ताला : रमेश के आपराधिक मानसिकता के कारण उसकी अभी तक शादी नहीं हुई थी. ठाकुरवाड़ी मोहल्ला स्थित आवास पर अपनी मां के साथ रहता था, लेकिन दो साल पहले उसकी मां का निधन हो गया. तब वह भाई पर बम विस्फोट कर जानलेवा हमला करने के आरोप में जेल में था. जेल से ही मां को मुखअग्नि देने पुलिस अभिरक्षा में आया था. जमानत पर छुटने के बाद घर में अकेले रहता था. उससे मिलने संदिग्ध लोग हमेशा आते थे. कोई आता था तो घर का गेट खुलता और अंदर जाने पर बंद हो जाता था. गुरुवार को उसके घर में ताला लगा हुआ था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >