छात्रों ने स्कूल, बैंक व प्रखंड में की तोड़फोड़
कल्याणपुर : प्रखंड के श्रीसालिक उच्च विद्यालय बाकरपुर के 10वीं कक्षा की छात्रा द्वारा एकजुट होकर छात्रवृत्ति के लिए सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में जमकर बवाल काटा. छात्रा ने विद्यालय से निकलकर थाने के सामने कल्याणपुर-केसरिया रोड को जाम किया.
पुलिस ने बच्चों को समझाने की कोशिश की लेकिन बच्चों ने रोड़ेबाजी करना शुरू कर दिया. इस क्रम में मामले को शांत करने के लिए लाठी भी भांजी, जिससे छात्र विक्की कुमार, संतोष कुमार, मनीष कुमार, अखिलेश कुमार घायल हो गये. पुलिस का कहना है कि छात्र भागने के क्रम में घायल हो गये. छात्रों ने थाने के सामने स्टेट बैंक के अंदर जाकर काउंटर का शीशा व गेट का शीशा तोड़ डाला.
प्रखंड मुख्यालय में जाकर बीडीओ कार्यालय का गेट, आरटीपीएस का गेट व खिड़की भी तोड़ डाला. थाने में सक्रिय होकर केसरिया पुलिस, डुमरियाघाट पुलिस, पिपरा पुलिस, घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत कराया. इस बाबत श्री सालिक उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र वाजपेयी ने बताया कि सरकार द्वारा बीसी कोटि के छात्रवृति की राशि छह जनवरी को स्कूल के खाते में आया था, लेकिन तीन दिन बैंक बंद होने के कारण इसका निकासी नहीं हो सका था, जिसको लेकर हम बैंक में पैसे निकासी के लिये गये थे कि छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया.
वहीं थानाध्यक्ष संजय स्वरूप से पूछे जाने पर बताया कि बच्चों को समझाया गया लेकिन शरारती बच्चों ने हंगामा करना शुरू कर दिया. इस घटना की जांच की जा रही है. वहीं प्रखंड के बड़ा बाबू सुरेंद्र साह ने बताया कि छात्रों द्वारा मुख्यालय में आकर बीडीओ कक्ष से लेकर आरटीपीएस के गेट को तोड़ डाला, उसके बाद नाजीर का हाथ पकड़कर मुख्यालय का चाभी छीनकर ताला मारकर चले गये. बीडीओ के आने पर प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. पुलिस ने चार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
