चोरी की निकली बाइक, बोलेरो का हो रहा सत्यापन
पीपराकोठी से एक सप्ताह पहले चोरी हुई थी बाइक
मोतिहारी : मुफस्सिल थाना के बैरिया माई स्थान के पास से चोरी की बाइक व बोलेरो के साथ पकड़े गये तीन संदिग्धों में मिथिलेश सहनी शातिर अपराधी निकला. पुलिस ने मिथिलेश को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं हिरासत में लिये गये दो अन्य लोगों को पूछताछ के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया.
मिथिलेश मुफस्सिल थाना के बरदाहा गांव का रहने वाला है. उसके पास से बरामद हीरो ग्लैमर बाइक चोरी की है, जबकि बोलेरो के कागजातों का सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस को पक्का यकीन है कि बोलेरो भी चोरी की है. थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी ने बताया कि मिथिलेश के पास से बरामद ग्लैमर बाइक 31 दिसंबर की रात पीपराकोठी थाना क्षेत्र के मठिया बरियारपुर गांव से चोरी हुई थी. वह बाइक शिवलाल महतो की है. बदमाशों ने शिवलाल के दरवाजे से बाइक चुरा लिया था.
बाइक का नंबर बीआर22यू/4374 है,लेकिन बदमाशों ने पहचान मिटाने के लिए बाइक से नंबर प्लेट हटा दिया है. इंजन व चेचिस नंबर से बाइक की पहचान की गयी है. बाइक चोरी को लेकर पीपराकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मिथिलेश ने पूछताछ में चिरैया अकौना गांव के शातिर अपराधी बालेश्वर सहनी को गिरोह का सरगना बताते हुए कई बदमाशों के नाम का खुलासा किया है.
उसने बताया है कि बालेश्वर के अलावे बासू सहनी व बंजरिया झखिया के दीना सहनी के साथ मिल दर्जन भर बाइक व बोलेरो चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है. उसने बंजरिया से ट्रैक्टर चोरी, मुफस्सिल से एक ट्रैक्टर व एक बोलेरो चोरी, पीपराकोठी से बाइक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि सरगना बालेश्वर सहित अन्य बदमाशों की खोज में छापेमारी की जा रही है. यहां बताते चले कि बुधवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बैरिया माई स्थान के पास से बाइक व बोलेरो के साथ मिथिलेश को गिरफ्तार किया था. इस दौरान बालेश्वर व अन्य भाग निकले थे.
