पचं का एक शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
नेपाल से शराब की खेप लेकर ढाका के रास्ते आ रहे थे मोतिहारी
मोतिहारी : मुफस्सिल पुलिस ने कमेटी चौक से पिकअप सहित भारी मात्रा में नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार शराब तस्कर मनोज गिरि ढाका थाने के बखरी का रहने वाला है. वह नेपाल से शराब की खेप लेकर ढाका के रास्ते मोतिहारी आ रहा था. सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है.
प्रभारी थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि नेपाल के विभिन्न कंपनियों की 4290 पीस देसी शराब की बोतल बरामद हुई है. एक तस्कर भागने में सफल रहा. उसकी पहचान कर ली गयी है.
उन्होंने बताया कि रविवार की रात में सूचना मिली कि ढाका के रास्ते पिकअप से भारी मात्रा में शराब आ रही है. सूचना के आधार पर विधि व्यवस्था प्रभारी मुन्ना कुमार सिंह के साथ कमेटी चौक के समीप वाहन जांच शुरू की गयी. इस दौरान ढाका की तरफ से तेज रफ्तार में एक पिकअप आती दिखी. उसे रोकने के प्रयास किया गया तो गाड़ी रोक उसपर सवार दो लोगों ने भागने की कोशिश की.
पुलिस टीम ने खदेड़ कर एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया. पूछताछ के दौरान पकड़ा गया युवक अपना नाम मनोज गिरि बताया. उसने बताया कि पिकअप व शराब पश्चिमी चंपारण के मझौलिया थाना अंतर्गत दुबौलिया के विक्रम साह की है, जो अंधेरे का फायदा उठा फरार हो गया. प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मनोज को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. जब्त शराब की कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गयी है.
