पहली घटना चिरैया के मिश्रौलिया मोड़ के पास घटी
दूसरी ढाका-पकड़ीदयाल के कठमलिया गांव के पास
चिरैया :थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी है. वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार ढाका-मोतिहारी मुख्य मार्ग के मिश्रौलिया मोड़ के पास गुरुवार की शाम बाइक व कार की सीधी टक्कर में बाइक सवार एक की मौत घटनास्थल पर हो गयी, जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया है.
युवक शिकारगंज थाना क्षेत्र के बटौआ निवासी इसमाईल अंसारी का पुत्र मुन्ना अंसारी (30) था, जबकि घायल उसका भाई इरसाद अंसारी (32) है, जिसे इलाज मोतिहारी स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामबाबू प्रसाद व दारोगा हुलास राय मामले की छानबीन की. बताया जाता है कि बाइक सवार ढाका से मोतिहारी के तरफ जा रहा था.
इसी दौरान मिश्रौलिया मोड़ के पास कार में सीधी टक्कर हो गयी. पुलिस क्षतिग्रस्त कार व बाइक को जब्त कर ली है. वहीं, दूसरी घटना ढाका-पकड़ीदयाल मुख्य मार्ग में कठमलिया गांव के पास घटी. गुरुवार शाम बाइक व साइकिल की टक्कर हो गयी, इसमें बाइक पर सवार एक की मौत घटनास्थल पर हो गयी, जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया है.
घायल को ग्रामीणों के सहयोग से ढाका स्थित रेफरल अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे नाजुक स्थिति देख मोतिहारी रेफर कर दिया. बाइक सवार युवक की पहचान शिकारगंज थाना क्षेत्र के अरविंद कुमार (22) के रूप में हुई है. वही घायल चंदन कुमार (19) है. सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ललन कुमार व सैप जवान ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने पर ले आयी है.
