निजी नर्सिंग होम में कराया भर्ती
मोतिहारी : शहर के कोल्हुरअवा मोहल्ला में मंशी महतो (45) को बदमाशों ने चाकू घोंप दिया. उसे मरा हुआ समझ घर से तीन सौ मीटर दूर चहारदीवारी से घिरे एक प्लॉट में फेंक दिया. घटना गुरुवार सुबह की है.
ग्रामीणों ने मंशी को खून से लथपथ अचेतावस्था में देखा. इसकी सूचना उसके परिजनों को दी. घर वाले पहुंचे तो उसकी सांसें चल रही थी. इलाज के लिए उसे रहमानिया नर्सिंग होम में भर्ती कराया. उसके पेट में पांच जगह पर चाकू के गहरे जख्म है. लाद बाहर निकल आया था. डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचायी.
घायल मंशी रिक्शा चलाक है. पुत्र राजेश कुमार ने बताया कि पिता मंशी महतो सुबह करीब छह बजे शौच करने घर से निकले, उसके बाद वापस नहीं लौटे. करीब नौ बजे एक ग्रामीण ताड़ का पेड़ छेवने चढ़ा तो उसकी नजर पड़ी. उसी ने सूचना दी कि तुम्हारे पिता को किसी ने मार कर फेंक दिया है. उसने आगे बताया कि आठ-दस दिन पहले एक व्यक्ति से उनको झगड़ा हुआ था. उसने गोली मारने की धमकी दी थी. हालांकि उसने धमकी देने वाले का नाम नहीं बताया.
मंशी महतो को अभी होश नहीं आया था. परिजनों का कहना है कि होश में आने पर हमलावरों का नाम वहीं बतायेंगे. इधर छतौनी इंस्पेक्टर मुकेशचंद्र कुमर ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी को बयान लेने के लिए भेजा गया था. घायल मंशी बेहोश था. इसके कारण उसका बयान नहीं लिया गया. होश में आने पर उसका बयान लेकर कार्रवाई के लिए नगर थाना भेजा जायेगा.
