पेट्रोल देने में देर पर किया हंगामा, आधा दर्जन बदमाशों पर प्राथमिकी
मोतिहारी : मुफस्सिल थाने के बसतपुर स्थित बैद्यनाथ पेट्रोलियम के नोजल मैन नवल यादव व संतोष सिंह को बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया. बताया जाता है कि कुछ बदमाश पंप पर पहुंचे और जल्दबाजी में पेट्रोल गाड़ी में डालने का दबाव बनाने लगे.
नोजल मैन ने पेट्रोल डालने में देरी की तो मारने लगे. वह जान बचा ऑफिस में जाकर छिप गया. बदमाशों ने ऑफिस गेट का शीशा तोड़कर अंदर घुस रॉड से मार उसे घायल कर दिया. संतोष बचाने गया तो उसके साथ भी मारपीट की गयी. पंप मालिक ने पुलिस को सूचना दी. थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, इससे पहले बदमाश भाग चुके थे. घटना को लेकर पीपरा थाने के जमुनिया निवासी नोजल मैन नवल यादव ने प्राथमिकी दर्ज करायी है.
इसमें यशवंत सिंह के अलावा पांच-छह को आरोपित किया है. बताया कि इससे पहले भी यशवंत ने पंप पर आकर गाड़ी में 36 सौ का डीजल भरवा भाग गया था. पैसा मांगने पर कहा कि रंगदारी में डीजल लिया था. थानाध्यक्ष ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है.
