टाउन थाना की हाजत से अपहरण का आरोपित फरार

टाउन थाना की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए सोमवार की थाना की हाजत बंद अपहरण कांड का एक आरोपित फरार हो गया.

बक्सर. टाउन थाना की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए सोमवार की थाना की हाजत बंद अपहरण कांड का एक आरोपित फरार हो गया. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और चारों तरफ नाकेबंदी कर उसे दोबारा पकड़ने की कवायद शुरू कर दी गयी. हालांकि आरोपित ट्रेन पकड़कर भागने में कामयाब हो गया. पुलिस के मुताबिक फरार बंदी नाबालिग था. जिसे नगर स्थित एक मुहल्ले से नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोप में पंजाब के लुधियाना से पकड़कर थाना लाया गया था और शौच के बहाने वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया. इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की रात नाबालिग को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था. फरार होने के बाद उसकी तलाशी तेज कर दी गयी है. तलाशी के क्रम में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि वह पैसेंजर ट्रेन पर सवार होकर शहर से बाहर निकल भागा है. वही लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोची समझी रणनीति के तहत जान-बुझकर उसे थाने से भगा दिया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस पहले से ही लापरवाही बरत रही थी. उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली की लड़की व आरोपित लुधियाना में रह रहे हैं. इसकी सूचना के बाद उनके खर्चे पर पुलिस उन्हें साथ लेकर लुधियाना गयी और वहां से बाई रोड दोनों को बक्सर लायी. आने के बाद नाबालिग लड़की को अल्पावास गृह में आवासित कर आरोपित को थाने में बंद कर दी. इसी बीच सुबह जाने पर पता चला कि आरोपित फरार हो गया है. अपहृता किशोरी के पिता ने करायी है प्राथमिकी : इस मामले में अपहृता किशोरी के पिता द्वारा टाउन थाने में 13 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जिसमें कहा गया है कि गलत नियत से बहला-फुसलाकर उनकी 15 वर्षीय बेटी को उन्हीं के मुहल्ला के एक लड़का भगा ले गया है. यह घटना 20 फरवरी 2025 की है. उस दिन उनकी बेटी घर से परीक्षा देने के लिए घर से निकली, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गयी, तो पता चला की उक्त लड़का गलत नीयत से लड़की को भगा ले गया है. यही नहीं घर को खंगालने पर पता चला कि लड़की अपनी मां के सोने के जेवरात व 50 हजार नकद भी लेकर चली गयी है. इस मामले में लड़का के साथ चीनी मिल मुहल्ला में रहने वाली उसकी बहन मधु कुमारी व मां जहिदा खातून समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है. पहले भी गायब हुई थी किशोरी : थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इससे पहले भी किशोरी घर से गायब हुई थी. जिसको लेकर 15 अक्तूबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. उस मामले में पुलिस किशोरी व आरोपित को बरामद कर थाना लायी थी. पूछताछ में लड़की ने स्वेच्छा से उसके साथ फरार होने की बात कबूल की थी. इसके बाद बरामद लड़की को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था, जबकि आरोपित किशोर को छोड़ दिया गया था. ऐसे में लड़की के फरार होने की यह दूसरी घटना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >