प्रतापसागर में भीषण सड़क हादस में चालक की मौत

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर तक कुहासे के कारण एक के बाद एक कुल चार सड़क दुर्घटनाएं हुईं है.

डुमरांव. इन दिनों ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है, साथ ही साथ एकाएक शनिवार की सुबह अचानक बढ़े कुहासे से आरा-बक्सर फोरलेन सहित आसपास के इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है. नया भोजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर तक कुहासे के कारण एक के बाद एक कुल चार सड़क दुर्घटनाएं हुईं है. इस हादसे में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं कई अन्य वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. इस दुर्घटना में कई चालक बाल-बाल अपनी जान बचाने में सफल हुए हैं. फोरलेन सहित अन्य जगहों पर हो रही लगातार दुर्घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है. सबसे ज्यादा भीषण हादसा आरा-बक्सर फोरलेन पर नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापसागर गांव के पास शनिवार की अहले सुबह लगभग सात बजे हुआ. सुबह-सुबह घने कोहरे के कारण एक डीसीएम ट्रक आगे चल रहे बालू लदे ट्रेलर में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी. प्रताप सागर के पास हुई पहली घटना : प्रतापसागर के पास हुई घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस की टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ट्रक के केबिन में चालक का शव बुरी तरह फंस गया था, जिसको कटर से केबिन का दरवाजा काटकर बाहर निकाला गया. इसके बाद शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मृत चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो पायी है. ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर से चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. मालूम हो कि ट्रक पटना से बक्सर की तरफ ट्रांसपोर्ट का सामान लेकर जा रहा था. हादसा होने के बाद बालू लदे ट्रेलर का चालक मौके से भाग निकला जिसकी तलाश में पुलिस लगी है. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच रोड से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क के किनारे साइड कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो पाया. नावाडेरा के पास घटी दूसरी घटना : दूसरी घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र के आरा-बक्सर फोरलेन पर ही नावाडेरा गांव के समीप शनिवार की अहले सुबह करीब छह बजे दो ट्रेलरों की आपस में जोरदार टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में पीछे से टकराए ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. वहां पर मौजूद लोगों ने बताया कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे इतनी जबरदस्त थी को देखने से लगा बड़ा नुकसान हो सकता था, लेकिन गनीमत यह रही कि चालक की जान बाल-बाल बच गयी. आगे चल रहे ट्रेलर के चालक बस्ती निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वह घने कोहरे के कारण वाहन को धीरे-धीरे चला रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और जांच शुरू कर दी. तीसरी घटना पुराना भोजपुर-सिमरी रोड में : तीसरी घटना पुराना भोजपुर सिमरी रोड पर शनिवार की सुबह करीब सात बजे हुई, जहां गिट्टी व डस्ट से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. लोगों ने बताया कि यह ट्रेलर वाराणसी की ओर से आ रहा था और मंझवारी गांव के तरफ जा रहा था. बताया जा रहा है कि इन दिनों पुराना भोजपुर-सिमरी रोड के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, निर्माण कार्य के लिए सामग्री मंझवारी पहुंचायी जा रही थी. पोल फैक्ट्री के समीप मोड़ पर घने कुहासे तथा लो विजिबिलिटी के कारण ड्राइवर को सड़क का सही अंदाजा नहीं मिल पाया. रोड सिंगल लेन होने और भारी लोड के कारण सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई, जिससे ट्रेलर असंतुलित होकर वहीं पर पलट गया. हालांकि चालक और खलासी ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली और दोनों सुरक्षित बताये जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत यातायात को सामान्य कराया. चौथी घटना हुई चंदा के समीप : चौथी दुर्घटना आरा-बक्सर फोरलेन पर टोल टैक्स से करीब 200 मीटर दूर चंदा गांव के पास हुई, जहां दो ट्रेलरों की आपस में टक्कर हो गयी. इस हादसे में पीछे से टकराए ट्रेलर के चालक और खलासी बाल-बाल बच गये. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के चालक आजमगढ़ निवासी प्रेमचंद यादव ने बताया कि वह आरा से बालू लादकर गोरखपुर जा रहे थे. उनके सामने चल रही ट्रेलर के आगे अचानक एक नीलगाय आ गई, जिससे चालक को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा. घने कुहासे के कारण उन्हें समय पर स्थिति का अंदाजा नहीं मिल पाया और उनका वाहन पीछे से टकरा गया. लगातार हुई इन चारों दुर्घटनाओं ने घने कुहासे के दौरान सावधानी बरतने के लिए आगाह कर दिया है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के समय धीमी गति से चलें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और आवश्यक लाइटों का जरूर इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि सभी मामलों की जांच की जा रही है. इसके साथ ही उन्होंने सभी चालकों को संदेश देते हुए कहा कि कुहासा बढ़ने लगी और दिन पर दिन बढ़ते जायेगा. इस दौरान सभी वाहन चालक सावधानी बरतें और सुरक्षित यात्रा करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >