डुमरांव एडवोकेट्स एसोसिएशन का आम चुनाव 22 जनवरी को, कई पदों पर रोचक मुकाबला, तो कई निर्विरोध

डुमरांव एडवोकेट्स एसोसिएशन (आरएन-12/95) का आम चुनाव वर्ष 2026-28 के लिए आगामी 22 जनवरी को संपन्न कराया जायेगा.

डुमरांव. डुमरांव एडवोकेट्स एसोसिएशन (आरएन-12/95) का आम चुनाव वर्ष 2026-28 के लिए आगामी 22 जनवरी को संपन्न कराया जायेगा. चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह और सरगर्मी देखने को मिल रही है. बार एसोसिएशन परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है और प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क में जुटे हुए हैं. चुनाव की औपचारिक घोषणा के बाद नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. इसके बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कुछ प्रमुख पदों पर कड़ा मुकाबला होगा, जबकि कई पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये जा चुके हैं. सबसे अधिक चर्चा अध्यक्ष पद को लेकर है, जहां इस बार कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं. अध्यक्ष पद के लिए प्रेमकांत पाण्डेय, ओमदेव सिंह, बलराम सिंह यादव, अनन्त नारायण तिवारी, बिरेंद्र सिंह और देव कान्त मिश्रा के बीच सीधा मुकाबला होगा. सभी प्रत्याशी अधिवक्ताओं के हित, बार की गरिमा, सुविधाओं के विस्तार और संगठन की मजबूती को लेकर अपने-अपने वादे कर रहे हैं. महासचिव पद पर भी चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है. इस पद के लिए सुनील कुमार तिवारी, बिरेंद्र कुमार तिवारी, पियूष पाण्डेय और पृथ्वीनाथ शर्मा के बीच कड़ी टक्कर है. महासचिव को संगठन की रीढ़ माना जाता है, ऐसे में इस पद के लिए प्रत्याशियों की सक्रियता साफ तौर पर नजर आ रही है. वहीं कई पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया और भी सहज हो गयी है. उपाध्यक्ष पद पर किरण कुमारी सिंह, संयुक्त सचिव पद पर रविंद्र कुमार पासवान, अंकेक्षक सदस्य पद पर विशाल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर अशोक कुमार और देवानंद गोस्वामी तथा समिति सदस्य पद पर अभिषेक त्रिपाठी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है. एडवोकेट निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन पांडे ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. 22 जनवरी को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जायेगा. उन्होंने अधिवक्ताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए उम्मीद जतायी कि एसोसिएशन को एक मजबूत और सक्षम नेतृत्व मिलेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >