बक्सर में किसानों का हुंकार, बिजली, खाद और सिंचाई संकट को लेकर अंबेडकर चौक पर विशाल धरना

बक्सर में किसानों ने बिजली व्यवस्था, खाद की कालाबाजारी और सिंचाई संकट को लेकर अंबेडकर चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. किसानों ने जल्द समाधान की मांग की है.

Buxar News : बक्सर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को समाजवादी विचार मंच, बिहार के तत्वावधान में अंबेडकर चौक पर एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. प्रदर्शन के दौरान किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था, खाद की कालाबाजारी और सिंचाई संकट को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जल्द समाधान की मांग उठाई.

बिजली व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

धरने की अध्यक्षता मंच के संयोजक संतोष मुखिया ने की, जबकि संचालन प्रमुख समाजसेवी शशि राय ने किया. वक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही, ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज के कारण आम जनता और किसान गंभीर परेशानी झेल रहे हैं. उन्होंने बताया कि एकरासी-ब्रह्मपुर सबस्टेशन में पिछले एक वर्ष से 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर बंद पड़ा है, जिसे तत्काल चालू करने की मांग की गई.

कृषि फीडर से पर्याप्त बिजली नहीं मिलने का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एकरासी कृषि फीडर से किसानों को निर्धारित 12 घंटे के बजाय केवल करीब 5 घंटे ही बिजली मिल रही है. उन्होंने इसकी जांच कर किसानों को प्रतिदिन 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.

खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग

धरने में किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई खाद विक्रेता निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर उर्वरक बेच रहे हैं. किसानों का कहना है कि 266 रुपये की यूरिया 500 रुपये और 1350 रुपये का डीएपी 2200 रुपये तक में बेचा जा रहा है. उन्होंने प्रशासन से ऐसे दुकानदारों के खिलाफ छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.

मांगें नहीं मानी गईं तो चक्का जाम की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन किए जाएंगे. उन्होंने नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और कृषि व्यवस्था को बेहतर बनाने की भी मांग उठाई.

सैकड़ों किसान और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन में संतोष मुखिया, अरुण ओझा, प्रभास सिंह, जयकृष्ण सिंह, महेंद्र सिंह, दीपक कुमार, अखिलेश सिंह, बबलू यादव, आशीष चौरसिया सहित बड़ी संख्या में किसान और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. सभी ने एकजुट होकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >