नया भोजपुर-डुमरी रोड पर लगे कचरे और बदबू से मिलेगी निजात, मशीन लगाकर शुरू हुआ काम

New Bhojpur Dumri Road Buxar Garbage Issue : बक्सर के डुमरांव में लंबे समय से कचरा डंपिंग की समस्या से लोग परेशान थे. नगर परिषद ने अब नया भोजपुर-डुमरी रोड पर रिमेडिएशन कार्य शुरू किया है. वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण कर बदबू और प्रदूषण कम करने की कोशिश. काम पूरा होने के बाद इस जगह पर डंपिंग पूरी तरह बंद करने की तैयारी.

बक्सर के डुमरांव से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट
New Bhojpur Dumri Road Buxar Garbage Issue : बक्सर के डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र के नया भोजपुर-डुमरी रोड पर लंबे समय से कचरा डंपिंग की समस्या अब लोगों के गुस्से का कारण बन गई है. सड़क किनारे जमा कचरे से उठती तेज दुर्गंध और गंदगी से परेशान स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की. आखिरकार अब नगर परिषद ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए राहत की दिशा में कदम बढ़ाया है और मौके पर रिमेडिएशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की पहल

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी Rahuldhar Dubey ने जानकारी दी कि नया भोजपुर-डुमरी रोड के पास जहां बड़े पैमाने पर कचरा जमा था, वहां विशेष मशीन लगाकर रिमेडिएशन का काम शुरू किया गया है. इस तकनीक के जरिए पुराने कचरे को वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस कर उसका निस्तारण किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जब तक पूरा कचरा साफ नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

पूरे शहर के कचरे का होगा एक जगह निस्तारण

ईओ के अनुसार नगर क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से भी कचरा लाकर इसी स्थान पर रिमेडिएशन किया जा रहा है. इसका मकसद शहर को साफ सुथरा बनाना और प्रदूषण को कम करना है. नगर परिषद की योजना है कि इस प्रक्रिया के जरिए कचरा प्रबंधन को बेहतर किया जाए और भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके.

बदबू से मिलेगी राहत, राहगीरों को होगी सहूलियत

स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरे से निकलने वाली दुर्गंध के कारण इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया था. आसपास रहने वाले लोग भी इससे काफी परेशान थे. अब मशीन के जरिए कचरे के निस्तारण से बदबू में कमी आने की उम्मीद है. इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि सड़क पर आवागमन भी आसान हो सकेगा.

रिमेडिएशन के बाद बंद होगी डंपिंग

कार्यपालक पदाधिकारी ने साफ कहा कि यह अभियान फिलहाल बदबू और प्रदूषण को कम करने के लिए चलाया जा रहा है. जैसे ही रिमेडिएशन का काम पूरा होगा, इस स्थान पर कचरा डंपिंग पूरी तरह बंद कर दी जाएगी. नगर परिषद की कोशिश है कि शहर के लोगों को साफ और स्वस्थ माहौल मिल सके.

क्या बोले अधिकारी

ईओ ने कहा कि कचरे से उठ रही दुर्गंध को खत्म करने के लिए यह विशेष मशीन लगाई गई है. इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे कचरे के निस्तारण तक यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी.

डुमरांव में कचरा डंपिंग को लेकर लंबे समय से चल रही समस्या अब सुलझने की ओर बढ़ती दिख रही है. रिमेडिएशन कार्य शुरू होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है. अब देखने वाली बात होगी कि यह काम कितनी तेजी से पूरा होता है और नगर परिषद अपने स्वच्छता के वादे को किस हद तक जमीन पर उतार पाती है.

Also Read: बक्सर के डॉ मनोज यादव बने फेयर प्राइस डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष, पटना में सर्वसम्मति से हुआ चुनाव, डीलरों में खुशी की लहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >