बक्सर में छह छात्रों की पिटाई के आरोप पर स्कूल में हंगामा, प्रधान शिक्षक समेत चार को हटाने की अनुशंसा

नावानगर के प्राथमिक विद्यालय इटौन्हा में छात्रों की पिटाई के बाद ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ा। बीईओ ने 4 शिक्षकों को हटाने की अनुशंसा की है।

Buxar News : नावानगर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय इटौन्हा में प्रधान शिक्षक पर छह छात्रों की पिटाई के आरोप के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ. नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय के कार्यालय में ताला जड़ दिया. सूचना मिलने पर सोनवर्षा पुलिस और बीईओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया. मामले की जांच के बाद प्रधान शिक्षक समेत चार शिक्षकों को विद्यालय से हटाने की अनुशंसा डीपीओ और डीईओ को भेजी गयी है.

छह छात्रों की पिटाई का लगाया आरोप

ग्रामीणों के अनुसार प्रधान शिक्षक संजीव कुमार ने शिवांश कुमार और शिवानी कुमारी, दोनों पिता प्रेमनाथ सिंह, युवराज कुमार पिता उमेश सिंह, रंजय कुमार पिता श्रीराम राम, पीयूष कुमार राम पिता संजय राम और सुमित कुमार शर्मा पिता संतोष शर्मा की पिटाई की. ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों की पिटाई का कोई उचित कारण नहीं बताया गया.

अभिभावक से मारपीट के आरोप पर भड़के ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों की पिटाई का कारण पूछने विद्यालय पहुंचे अभिभावक संतोष शर्मा के साथ भी प्रधान शिक्षक ने मारपीट की. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. भूमिदाता कबिन्द्र तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर कार्यालय में ताला बंद कर दिया और कार्रवाई की मांग की.

बीईओ ने पहुंचकर खुलवाया विद्यालय का ताला

विद्यालय में हंगामे की सूचना मिलने के बाद नावानगर बीईओ श्याम बिहारी प्रसाद मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने विद्यालय का ताला खोल दिया. बीईओ ने मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की.

प्रधान शिक्षक समेत चार शिक्षकों को हटाने की अनुशंसा

बीईओ श्याम बिहारी प्रसाद ने बताया कि जांच के बाद प्रधान शिक्षक संजीव कुमार, शिक्षक जय प्रकाश शर्मा, अखिलेश कुमार शर्मा और शिक्षिका बबीता कुमारी को विद्यालय से हटाने की अनुशंसा डीपीओ और डीईओ को भेज दी गयी है. विभागीय स्तर पर अब मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रधान शिक्षक ने आरोपों से किया इनकार

इधर, प्रधान शिक्षक संजीव कुमार ने छात्रों की पिटाई और अभिभावक से मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की पिटाई नहीं की गयी. उनके अनुसार एक अभिभावक दीवार से टकराकर घायल हुए हैं. प्रधान शिक्षक ने आरोप लगाया कि विद्यालय के सभी शिक्षक स्थानीय हैं और कुछ लोग राजनीतिक कारणों से बच्चों को मोहरा बनाकर विवाद खड़ा कर रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By त्रिलोकी नाथ चौबे

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >