बक्सर: राजपुर के मंगरॉव में छतों के ऊपर हाईटेंशन तार, ग्रामीणों को सता रहा हादसे का डर

मंगरॉव गांव में जर्जर और लटकते बिजली के तारों से ग्रामीणों में दहशत है। हाईटेंशन तारों के कारण हो रहे हादसों को देखते हुए ग्रामीणों ने विभाग से सुधार की मांग की।

Buxar News : बक्सर के राजपुर प्रखंड क्षेत्र के मंगरॉव गांव में जर्जर और लटकते बिजली के तार ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं. कई जगह हाईटेंशन तार घरों की छतों के ऊपर से गुजर रहे हैं, जबकि गलियों में नंगे और जर्जर तार झूल रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि एक मासूम बच्ची की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत भी हो चुकी है, इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.

छतों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार

ग्रामीणों के अनुसार गांव में कई स्थानों पर बिजली के तार सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए घरों की छतों और तंग गलियों के बेहद करीब से गुजर रहे हैं. कई जगह तार जर्जर और बिना कवर के हैं. इससे घरों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी हर समय खतरा बना रहता है.

हादसे में बच्ची की मौत का दावा

स्थानीय ग्रामीण मनीष सिंह, संजय सिंह, अभिषेक सिंह और अजीत साह समेत अन्य लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की मौत हो चुकी है. ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद भी बिजली विभाग ने खतरनाक तारों को दुरुस्त कराने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया.

बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता

ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर तारों के कारण गांव के लोग अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं. तंग गलियों में झूलते तार कभी भी किसी व्यक्ति के संपर्क में आ सकते हैं. बारिश और तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है.

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर और खतरनाक तारों को हटाने तथा बदलने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित आवेदन दिया जा चुका है. इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है.

खेती के मौसम में बढ़ा खतरा

फिलहाल खेती-बाड़ी का पीक सीजन चल रहा है. किसान और मजदूर दिन-रात खेतों और गांव की गलियों से होकर आवाजाही कर रहे हैं. ऐसे में लटकते और नंगे तारों के कारण करंट लगने का खतरा और बढ़ गया है. ग्रामीणों ने कहा कि किसी बड़ी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही एहतियाती कदम उठाना चाहिए.

इंसुलेटेड तार लगाने और लाइन दुरुस्त करने की मांग

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल मामले का संज्ञान लेने की मांग की है. उन्होंने जर्जर तारों को हटाकर नए इंसुलेटेड तार लगाने और घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित तरीके से दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार कमल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >