राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ के अधिवेशन में महंथ शर्मा बने ग्रुप सी के अध्यक्ष

शहर के मुनीम चौक स्थित स्थानीय प्रधान डाकघर के प्रांगण में राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी व डाकिया (एमटीएस एवं जीडीएस) का संयुक्त द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न हुआ.

बक्सर. शहर के मुनीम चौक स्थित स्थानीय प्रधान डाकघर के प्रांगण में राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी व डाकिया (एमटीएस एवं जीडीएस) का संयुक्त द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न हुआ. जिसमें डाककर्मियों की लंबित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई. वक्ताओं ने लंबे समय से लंबित टीए, सीइए व मेडिकल बिलों के काफी दिनों से लंबित होने पर आक्रोश व्यक्त किया. साथ ही उप डाकघरों की जर्जर स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कार्य कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि इंटक के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह ने किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक आनंद मिश्र उपस्थित रहे. मंच का संचालन आदित्य कुमार शर्मा ने किया. संघ के नव गठित कार्यकारिणी : अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से विभिन्न संवर्गों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया. जिसमें ग्रुप सी संवर्ग के लिए अध्यक्ष पद पर राजेश्वर साह गोंड व सहायक अध्यक्ष पद पर माया कुमारी को चुना गया, जबकि महंथ शर्मा को सचिव, सुरेश मसीह एवं श्याम बिहारी यादव को उप सचिव, अश्विनी कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष तथा नगरूल हक अंसारी को सहायक कोषाध्यक्ष बनाया गया. डाकिया एवं एमटीएस के सचिव की जिम्मेदारी उमेश कुमार सिंह को सौंपी गयी. इसी तरह ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) के त्रिवेणी मिश्र को अध्यक्ष और विनोद कुमार पांडेय को सचिव चुना गया. इस अवसर पर प्रांतीय कोषाध्यक्ष कृष्ण मुरारी और जीडीएस के प्रांतीय सचिव महेश पासवान विशेष रूप से मौजूद रहे. सर्व सम्मति से पारित किये गये प्रस्ताव : उप डाकघरों के पदों को एसएसजी- II में अपग्रेड करने, संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान में तेजी लाने, विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु संघार्ष करने आदि प्रस्ताव पारित किये गये. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बबन सिंह ने अपने आशीर्वचनों से कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया और संघ की एकजुटता पर बल दिया. उन्होंने सभी सदस्यों से संघ के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया. अधिवेशन में रविशंकर चौबे, सतीश कुमार सिंह, नागेन्द्र उपाध्याय व रामजी प्रसाद सहित अन्य डाक कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >