Buxar News : गंगा युवा समिति चौसा की ओर से "गंगा पुकार, निर्मल गंगा संकल्प हमारा" अभियान के तहत रविवार को लगातार 344वें सप्ताह भी गंगा सफाई अभियान चलाया गया. नगर पंचायत चौसा के बाजार घाट पर स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर घाटों की सफाई की और लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश दिया.
बढ़ते जलस्तर के बीच किया श्रमदान
अभियान के संयोजक भरत पांडेय के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने बाजार घाट पर बढ़ते जलस्तर के बावजूद घाटों पर जमा कचरे को हटाया और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की. वर्ष 2019 से लगातार हर रविवार चल रहा यह अभियान अब जनभागीदारी का उदाहरण बन चुका है.
गंगा को स्वच्छ रखने का दिया संदेश
सफाई अभियान के दौरान गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं, विशेषकर माताओं-बहनों और युवाओं को नदी को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया. लोगों से प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरा गंगा में नहीं डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की गई.
'हर नागरिक की जिम्मेदारी से बनेगी निर्मल गंगा'
संयोजक भरत पांडेय ने कहा कि जब तक हर नागरिक गंगा के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक निर्मल गंगा का सपना साकार नहीं हो सकेगा. उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी हर रविवार इसी संकल्प और सेवा भावना के साथ सफाई अभियान जारी रखेगी.
कई स्वयंसेवकों ने निभाई सक्रिय भूमिका
अभियान में आदित्य पांडेय, नीरज चौरसिया, पप्पू चौरसिया, श्रीराम चौधरी, राधेश्याम, मंगलदेव पासवान, रविश जायसवाल सहित कई युवा स्वयंसेवकों ने भाग लेकर श्रमदान किया और स्वच्छ गंगा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया.
