निजी अस्पताल में जच्चा की मौत से आक्रोशित परिजनों ने किया बवाल व तोड़फोड़

नगर के नई बाजार स्थित वाराणसी हॉस्पिटल नामक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया.

बक्सर. नगर के नई बाजार स्थित वाराणसी हॉस्पिटल नामक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. जिससे वहां घंटों अफरा-तफरी मची रही. इस क्रम में आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को काबू में किया. हालांकि पीड़ित परिवार उक्त अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे. 24 वर्षीय मृतका गुड़िया देवी नई बाजार निवासी मनोज कुमार राम की पत्नी है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जासो स्थित जगजीवन नगर निवासी राजेश कुमार राम की पुत्री गुड़िया की शादी पिछले साल 2024 में मनोज कुमार राम के साथ हुई थी और प्रथम प्रसव के दौरान दोयम स्वास्थ्य व्यवस्था एवं चिकित्सकीय लापरवाही की भेंट चढ़ गयी. हालांकि प्रसव के बाद ऑपरेशन से जना नवजात बच्चा की हालत अभी स्थिर है और उसे सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है. आशा के दबाव में दिग्भ्रमित हो गए परिजन : परिजनों ने बताया कि गुड़िया का प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार, यानि 2 जनवरी को उसे सदर अस्पताल ले जाकर दाखिल कराया गया था. अस्पताल कर्मियों की देखरेख में उसका उपचार वहां चल रहा था. लेकिन वहां संतोषजनक व्यवस्था नहीं मिलने तथा साथ गयी आशा के कहने पर वे लोग दिग्भ्रमित हो गये और शनिवार की सुबह गुड़िया को वाराणसी हॉस्पिटल में ले गये. वहां महिला की हालत गंभीर बताकर सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी गयी. इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की मांग पर 30 हजार रुपये भी चुकता कर दिया गया. सिजेरियन के बाद लड़का का जन्म हुआ. फिर गुड़िया की तबियत ज्यादा खराब होने की बात बताकर बगैर कोई कागजात सौंपे उसे पटना के लिए रेफर कर दिया गया. आनन-फानन में किसी तरह परिजन उसे पटना लेकर पहुंचे तो वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पटना से लौटकर किये हंगामा : पटना के चिकित्सकों द्वारा गुड़िया को मृत घोषित करने के बाद वाराणसी हाॅस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ परिजन आक्रोशित हो गये और वहां से लौटकर हंगमा करने लगे. इस दौरान उक्त हॉस्पिटल के चिकित्सक व कर्मी वहां से फरार हो गये. जिससे वे और भड़क गये और तोड़फोड़ करने लगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >