बक्सर को 13 रनों से पराजित कर पटना ने फैज क्रिकेट टूर्नामेंट पर जमाया कब्जा

किला मैदान में चल रही 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में पटना एकादश ने फैज एकादश बक्सर को पराजित कर ट्रॉफी को हथिया लिया.

बक्सर. यहां के ऐतिहासिक किला मैदान में चल रही 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में पटना एकादश ने फैज एकादश बक्सर को पराजित कर ट्रॉफी को हथिया लिया. विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी एवं एक लाख 1000 नगद पुरस्कार से नवाजा गया. प्रति वर्ष 15 जनवरी को मनाये जाने वाले सेना दिवस के उपलक्ष्य में फाइनल मैच का रंगारंग उद्घाटन पूर्व सैनिक संघ के पद धारकों से कराया गया. संयुक्त रूप से पूर्व सैनिकों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले को गेंद से हिटकर मैच का आगाज किया. इस क्रम में राष्ट्रगान एवं पिंटू सिंघानिया की शानदार आतिशबाजी से किला मैदान गुंजायमान हो गया. मैच की समाप्ति के बाद डुमरांव विधायक राहुल सिंह, डा.कुमार गांगेय राय एवं डा. तनवीर फरीदी द्वारा विजेता टीम को ट्रॉफी एवं 101000 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. वही उपविजेता टीम को राजपुर विधायक संतोष निराला ने ट्रॉफी एवं डा.सुजीत कुमार द्वारा नगद पुरस्कार 51000 रुपये दिया गया. इस क्रम में विधायक द्वय ने स्वर्गीय फ़ैज़ अहमद को श्रद्धांजलि देते हुए इस आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दिया. इस मौके पर डॉ. सीएम सिंह, डॉ.महेंद्र प्रसाद, श्रवण तिवारी, संजय राय, नियमतुल्लाह फरीदी, ओम जी यादव, डॉ.सुहेल अहमद, डॉ. दिलशाद अहमद, पप्पू चौबे, सुरेश अग्रवाल व सेठ छन्नू लाल आदि मौजूद रहे. क्षेत्र रक्षण को पहले उतरी थी बक्सर टीम : मैच में बक्सर के कप्तान फरह अंसारी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्र आरक्षण का फैसला लिया. पटना की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 21 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 176 रन का सम्मान जनक स्कोर खड़ा किया. जिसमें ऋषभ रंजन ने 38 रन, हर्ष राज ने 33, आदित्य राज ने 26, ऋषभ-2 ने 18 रनों का योगदान दिया. वही बक्सर की ओर से गेंदबाजी कर रहे फरह अंसारी व अंकित ने तीन-तीन विकेट झटका. जबकि कुंदन, विकास व अर्णब को एक-एक विकेट से संतोष करना पड़ा. 163 रनों पर सिमटी बक्सर टीम : लक्ष्य का पीछा करते हुए बक्सर की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 163 रन ही बना पायी. जिसमें पंकज वर्मा ने सर्वाधिक 33, कुंदन ने 30, अंकित राज ने 29, प्रकाश ने 27 रानों का योगदान दिया. पटना की तरफ से गेंदबाजी कर रहे आदित्य अरुण ने तीन, शमीम राठौर ने दो, पवन, मनीष व कुंदन ने एक-एक विकेट प्राप्त किया. इस प्रकार पटना की टीम 13 रनों से टूर्नामेंट पर कब्जा जमा लिया. पटना के शमीम बने मैन ऑफ द सीरिज के हकदार : पुरस्कार वितरण समारोह में मैन ऑफ द मैच आदित्य अरुण तथा मैन ऑफ द सीरीज का खिताब शमीम राठौर को मिला. जबकि अंकित राज को बेस्ट बैटर एवं फरह अंसारी को बेस्ट बॉलर, शमीम राठौर को बेस्ट फिल्डर तथा प्रकाश को बेस्ट कीपर से नवाजा गया. अतिथियों को आयोजन समिति की तरफ से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया. मैच में अंपायर की जिम्मेवारी राजेश कुमार यादव व संजीव तिवारी तथा कमंटेटर की भूमिका विक्की जायसवाल व अनुराग श्रीवास्तव और स्कोरर की जवाबदेही अमन फरीदी व नारायण ने निभाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >