Buxar News : बड़का ढकाईच फीडर में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम करने के लिए बिजली विभाग ने पेड़ों की टहनियों की छंटाई का विशेष अभियान चलाया. 33 केवी लाइन के आसपास पेड़ों की फैली डालियों को हटाने के लिए विभागीय टीम ने करीब आधा दर्जन संवेदनशील स्थानों पर काम किया. अभियान का नेतृत्व कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने किया.
पहले चिन्हित किये गये संवेदनशील स्थान
विभागीय टीम ने सबसे पहले उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां पेड़ों की शाखाएं बिजली के तारों के काफी करीब पहुंच गयी थीं. इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर टहनियों की कटाई कर उन्हें तारों से दूर किया गया. विभाग के अनुसार, इन स्थानों पर पेड़ों की शाखाओं के कारण बिजली लाइन में व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती थी.
बारिश और तेज हवा में बढ़ जाती थी ट्रिपिंग की समस्या
मानसून के दौरान बारिश और तेज हवा चलने पर पेड़ों की डालियां बिजली के तारों से टकरा जाती थीं. इससे 33 केवी लाइन में फॉल्ट, शॉर्ट सर्किट और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ जाती थी. इसका सीधा असर उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली आपूर्ति पर पड़ता था. छंटाई अभियान के बाद विभाग को उम्मीद है कि लाइन फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाओं में कमी आयेगी.
बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने की कवायद
कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है. पेड़ों की टहनियों की नियमित छंटाई से फॉल्ट की समस्या कम होगी और बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी.
अन्य क्षेत्रों में भी होगी टहनियों की छंटाई
जेई ने बताया कि अब तक करीब आधा दर्जन फीडरों में इस तरह का अभियान चलाया जा चुका है. अन्य क्षेत्रों में भी बिजली लाइनों के आसपास संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है. आवश्यकता के अनुसार वहां पेड़ों की टहनियों की छंटाई करायी जायेगी, ताकि बारिश और तेज हवा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम किया जा सके.
