Buxar News : राजपुर प्रखंड के बीआरसी परिसर में समग्र शिक्षा अभियान के समावेशी संभाग द्वारा 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष जांच, मूल्यांकन एवं सहायक उपकरण चयन शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना था.
मेडिकल टीम ने बच्चों का किया शारीरिक और मानसिक मूल्यांकन
शिविर में विशेषज्ञ मेडिकल टीम द्वारा विभिन्न सरकारी विद्यालयों से पहुंचे दिव्यांग बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक जांच की गयी. गहन मूल्यांकन के बाद 65 दिव्यांग छात्र-छात्राओं का सहायक उपकरण के लिए चयन किया गया.
Also Read : पटना-बक्सर पैसेंजर ट्रेन में महिला से मारपीट कर गहने छीने, नदांव स्टेशन के पास हुई वारदात
ट्राई साइकिल से लेकर श्रवण यंत्र तक मिलेंगे उपकरण
चयनित बच्चों को ट्राई साइकिल, बैसाखी, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र आदि सहायक उपकरण उपलब्ध कराये जायेंगे. इसके अलावा अन्य दिव्यांग बच्चों को यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए पंजीकृत किया गया, ताकि उन्हें सरकार की अन्य योजनाओं का भी सीधे लाभ मिल सके.
विशेषज्ञ चिकित्सकों की रही मौजूदगी
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन चंद्र के अलावा विभाग एवं समावेशी शिक्षा के प्रतिनिधि मनोज श्रीवास्तव, संजय बहादुर, मनोज कुमार, कुमार संभव, दिलीप मिश्र, राजदेव ठाकुर, आशुतोष शर्मा, जय प्रकाश सिंह, आनंद किशोर एवं मिथिलेश ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रहे.
उपकरण मिलने की उम्मीद से अभिभावकों में खुशी
शिविर के सफल आयोजन से दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों में काफी खुशी देखी गयी. चिकित्सकों ने बताया कि चयनित बच्चों को जल्द ही चिन्हित सहायक उपकरण वितरित किये जायेंगे.
Also Read : एमवी कॉलेज में आणविक जीव विज्ञान पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, विशेषज्ञों ने शोध और आधुनिक तकनीक पर रखे विचार
