डेंगू रोकथाम को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश

बक्सर जिले में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने रोकथाम और नियंत्रण की तैयारियां तेज कर दी हैं. उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की सफाई और फॉगिंग पर जोर दिया गया.

Buxar News : बक्सर जिले में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने रोकथाम और नियंत्रण की तैयारियां तेज कर दी हैं. उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में डेंगू की वर्तमान स्थिति, बचाव के उपाय और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.

डेंगू नियंत्रण के लिए सभी विभागों को मिलकर करना होगा काम

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में डेंगू की स्थिति और रोकथाम के लिए की जा रही तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया गया. डीडीसी ने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी विभागों और आम नागरिकों की भागीदारी से ही इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है.

नगर निकाय और पंचायतों को सफाई अभियान चलाने का निर्देश

उप विकास आयुक्त ने नगर परिषद, नगर पंचायत, पंचायती राज संस्थाओं, शिक्षा विभाग, जीविका, आईसीडीएस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, वन विभाग, पशुपालन विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.

जलजमाव वाले क्षेत्रों में सफाई और फॉगिंग पर जोर

बैठक में निर्देश दिया गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव वाले स्थानों की नियमित सफाई कराई जाए. कूलर, पानी की टंकी, गमले और अन्य जल संग्रहण स्थलों की लगातार जांच कर सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया. आवश्यकता के अनुसार लार्वीसाइडल छिड़काव और फॉगिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

स्वास्थ्य संस्थानों में जांच और इलाज की व्यवस्था तैयार

स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, जरूरी दवाएं, डेंगू मरीजों के लिए बेड, प्रशिक्षित रैपिड रिस्पॉन्स टीम और फॉगिंग मशीनों की व्यवस्था की गई है. स्वास्थ्य कर्मियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है और मरीज मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है.

बुखार होने पर तुरंत जांच कराने की अपील

डीडीसी ने सभी विभागों को डेंगू नियंत्रण गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और संदिग्ध मरीजों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा नहीं होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और बुखार होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं. बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh Singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >