Dadar-Guwahati Express, मृत्युंजय सिंह, बक्सर: बुधवार सुबह दादर-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन में शराब तस्करों और मध्य निषेध विभाग की टीम के बीच जमकर हंगामा हुआ. दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने से ट्रेन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक मध्य निषेध विभाग को ट्रेन में शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद विभाग की टीम सादे कपड़ों में ट्रेन में चढ़कर जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर शराब लेकर जा रहे कुछ तस्करों पर पड़ी. जब टीम ने कार्रवाई शुरू की तो तस्कर भड़क गए और पुलिसकर्मियों से भिड़ गए.
ट्रेन में मचा हंगामा
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि ट्रेन के अंदर ही धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई. अचानक हुए इस हंगामे से यात्री डर गए और डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग अपनी सीट छोड़कर दूसरी तरफ चले गए.
स्थिति बिगड़ती देख शराब तस्करों ने डुमरांव स्टेशन के पास ट्रेन की चेन खींच दी. ट्रेन रुकते ही आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद कुछ देर तक ट्रेन वहीं रुकी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पुलिस और आरपीएफ ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेल कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है.
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. तस्करों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. वहीं मध्य निषेध विभाग की टीम भी अपने स्तर पर कार्रवाई में जुट गई है.
ट्रेनों में बढ़ेगी जांच
रेलवे और पुलिस प्रशासन ने कहा है कि ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी रोकने के लिए आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेल पुलिस को अलर्ट मोड में रखा गया है.
इसे भी पढ़ें: इंतजार खत्म, इस महीने आएगा बिहार TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलान
