बक्सर: श्रावण पूर्णिमा पर चौसा के महादेव घाट पर गूंजा हर-हर गंगे, भव्य आरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

चौसा महादेव घाट पर श्रावण पूर्णिमा पर भव्य गंगा आरती

Buxar News : श्रावण पूर्णिमा के शुभ अवसर पर महादेव घाट, चौसा पर भक्तिभाव के साथ भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया. आरती में चौसा सहित आसपास और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गंगा भक्त पहुंचे. शंख-घंटियों और मां गंगा के जयघोष से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा.

हर पूर्णिमा से पहले होती है घाट की सफाई

परंपरा के अनुसार प्रत्येक पूर्णिमा पर गंगा आरती से पहले महादेव घाट की साफ-सफाई की जाती है. इस बार भी श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े लोगों ने घाट की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया. मान्यता है कि महादेव घाट पर मां गंगा उत्तरायणी दिशा में प्रवाहित होती हैं, जिससे इस स्थल का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है.

आरती के बाद लगाए तुलसी के पौधे

गंगा आरती में शामिल युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से दिव्य वातावरण के साथ धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है. आरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने घाट किनारे तुलसी के पौधे लगाए और गंगा घाट को स्वच्छ रखने की शपथ ली.

गंगा की स्वच्छता को लेकर दिया संदेश

श्रद्धालुओं ने कहा कि गंगा और उसके घाटों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है. धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देना इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा.

गंगा आरती संयोजक शिवानंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र कश्यप, अशोक उपाध्याय, रवि राज, पीयूष कुमार, अजय वर्मा, राकेश रंजन दूबे, राघव पांडेय, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

आरती में शामिल श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनोद कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >