बक्सर: सगे भाइयों के बीच चली लाठी-डंडे और लोहे की रॉड, भाभी समेत तीन घायल; चार पर प्राथमिकी दर्ज

बक्सर नगर के सिविल लाइंस में पारिवारिक कलह खूनी संघर्ष में बदल गई. सगे भाइयों के बीच हुई मारपीट में भाभी और दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

Buxar News : बक्सर नगर के सिविल लाइंस मोहल्ले में पारिवारिक विवाद ने खून के रिश्ते को शर्मसार कर दिया. वार्ड नंबर 23 में सगे भाइयों के बीच हुए विवाद के दौरान जमकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चली, जिसमें दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में कराया गया.

घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

आंगन में बैठे परिवार पर अचानक हमला

मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय गनौरी प्रसाद के पुत्र गणेश कुमार तुरहा ने नगर थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वह अपनी पत्नी मुन्नी देवी और भाभी बुचन देवी के साथ अपने घर के आंगन में बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक उनके सगे भाई पिंटू तुरहा अपनी पत्नी मनसा देवी और दो बेटियों मनीता कुमारी व सबिता कुमारी के साथ कमरे से बाहर निकले. आरोप है कि सभी लोग हाथों में लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लिए हुए थे.

आते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी. जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया.

लोहे की रॉड से हमला, तीन लोग घायल

पीड़ित गणेश कुमार तुरहा के अनुसार, पिंटू तुरहा ने अपनी भाभी बुचन देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में उनके होंठ, कान के पास, सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं.

वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची मुन्नी देवी पर भी मनसा देवी ने रॉड से वार कर दिया. उनके सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी है. जब गणेश कुमार अपनी पत्नी और भाभी को बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गए.

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा पीटना शुरू किया, तो आरोपित अपने कमरे में चले गए.

मारपीट के साथ लूटपाट का भी आरोप

पीड़ित परिवार ने मारपीट के साथ लूटपाट का भी आरोप लगाया है. आवेदन में कहा गया है कि हमला करने के दौरान मनीता कुमारी ने बुचन देवी के गले से करीब दो लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र और कान से करीब 50 हजार रुपये के सोने के टॉप्स जबरन छीन लिए.

पीड़ित के अनुसार, मंगलसूत्र और टॉप्स छीनने के दौरान बुचन देवी के कान का निचला हिस्सा कट गया और उन्हें गंभीर चोट लगी. वहीं, सबिता कुमारी पर आरोप है कि उसने डंडे से दोनों महिलाओं की पीठ और कमर पर हमला किया.

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में गणेश कुमार तुरहा के आवेदन पर नगर थाना में पिंटू तुरहा, उसकी पत्नी मनसा देवी और दोनों बेटियों मनीता कुमारी व सबिता कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Onkar nath mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >