Buxar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित बक्सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. बुधवार को जिलाधिकारी साहिला ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर में चल रहे साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान डीएम ने कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एडीएम अरुण कुमार सिंह, सदर एसडीएम अविनाश कुमार, सदर डीएसपी गौरव पांडेय समेत स्वास्थ्य, बिजली, योजना, नगर परिषद, परिवहन और पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे. डीएम के काफिले में बड़ी संख्या में प्रशासनिक वाहन भी देखे गए.
Also Read : नोखा में पंचायत खेल क्लबों की समीक्षा बैठक, खेल प्रतिभाओं की पहचान और पंजीकरण पर जोर
23 सितंबर को प्रस्तावित है मुख्यमंत्री का दौरा
बताया जा रहा है कि 23 सितंबर को वामन द्वादशी के अवसर पर वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से आयोजित भगवान वामन की रथयात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. हालांकि, दौरे को लेकर अभी तक सरकारी स्तर पर कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ है. इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.
सभी विभागों को समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर से तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है. प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है. इस संबंध में जिला पदाधिकारी साहिला ने कहा कि जल्द ही मीडिया को जानकारी दी जाएगी.
Also Read : यूजीसी रेगुलेशन-2026 के विरोध में 20 सितंबर को आक्रोश मार्च, आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का ऐलान
