Buxar Crime Meeting : समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की व्यापक समीक्षा की गई. पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष और संबंधित अधिकारी शामिल हुए. बैठक में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया गया.
Buxar News : अपराध और लंबित मामलों की हुई गहन समीक्षा
बैठक में जिले में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित कांडों, गंभीर मामलों के अनुसंधान, वारंट और कुर्की के निष्पादन की बिंदुवार समीक्षा की गई. इसके अलावा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान, साइबर अपराध, वाहन चोरी, बैंक सुरक्षा, महिला एवं बाल अपराध, भूमि विवाद तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों का भी आकलन किया गया.
एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, आम लोगों की शिकायतों का तत्काल समाधान, साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि शीघ्र रिकवर कराने, संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई, नियमित वाहन जांच और रात्रि गश्ती को और मजबूत करने पर जोर दिया.
अच्छे काम की सराहना, लापरवाही पर चेतावनी
बैठक में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों की सराहना की गई, जबकि अपेक्षित प्रगति नहीं होने वाले मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
Also Read : कैमूर: भगवानपुर में कांग्रेस को मिला युवा नेतृत्व, गोल्डन पांडे बने प्रखंड अध्यक्ष
