Buxar Rapid Rail Project : बिहार सरकार की प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना में बक्सर को शामिल करने की मांग तेज हो गई है. रेल यात्री कल्याण समिति (दानापुर मंडल) ने मुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री को पत्र भेजकर पटना एयरपोर्ट–आरा प्रस्तावित कॉरिडोर का विस्तार बक्सर तक करने की मांग की है. समिति का कहना है कि बक्सर को शुरुआती सर्वे से बाहर रखना पश्चिमी बिहार के लाखों लोगों के साथ अन्याय है.
Buxar News : मुख्यमंत्री और मंत्री को भेजा गया मांग पत्र
रेल यात्री कल्याण समिति (दानापुर मंडल) के महामंत्री शैलेश कुमार ओझा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा को पत्र भेजकर पटना एयरपोर्ट–आरा रैपिड रेल कॉरिडोर का विस्तार बक्सर तक करने की मांग की है. उन्होंने आग्रह किया है कि परियोजना के सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में बक्सर को भी शामिल किया जाए, ताकि जिले के लोगों को इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ मिल सके.
पश्चिमी बिहार की अनदेखी का लगाया आरोप.
महामंत्री शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि पटना–बक्सर रेलखंड बिहार के सबसे व्यस्त रेलमार्गों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन हजारों छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और मरीज राजधानी पटना की यात्रा करते हैं. इसके बावजूद बक्सर को रैपिड रेल परियोजना से बाहर रखना पश्चिमी बिहार की उपेक्षा है. उन्होंने इस मुद्दे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए.
बक्सर का दावा बताया मजबूत
समिति ने कहा कि पटना से बक्सर की दूरी लगभग 118 किलोमीटर है, जो प्रस्तावित अन्य कॉरिडोरों के बराबर या उससे कम है. इसके अलावा बक्सर पहले से दिल्ली–हावड़ा मुख्य रेलमार्ग, राष्ट्रीय जलमार्ग-1 (गंगा), विश्वामित्र पथ एक्सप्रेसवे और गाजीपुर–बक्सर एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़ा हुआ है. ऐसे में बक्सर को परियोजना से बाहर रखना क्षेत्रीय संतुलित विकास की भावना के विपरीत होगा.
रैपिड रेल से लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
समिति का कहना है कि यदि पटना–आरा रैपिड रेल कॉरिडोर का विस्तार बक्सर तक किया जाता है तो लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा. इससे पटना में बढ़ती आबादी और आवासीय दबाव भी कम होगा. छात्र, कर्मचारी और व्यवसायी प्रतिदिन आसानी से आवागमन कर सकेंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी.
जल्द मंत्री से मुलाकात करेगी समिति
शैलेश कुमार ओझा ने बताया कि इस जनहित से जुड़े मुद्दे को लेकर समिति जल्द ही नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से व्यक्तिगत मुलाकात करेगी. उन्होंने बिहार सरकार से मांग की कि बक्सर को रैपिड रेल परियोजना के सर्वे और डीपीआर में तत्काल शामिल कर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जाए.
