Buxar News : उत्पाद विभाग की पुलिस टीम ने शनिवार को वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक ऑल्टो कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की. शराब के साथ पुलिस ने कार चालक सह तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया. बरामद शराब की कुल मात्रा 127.72 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 87 हजार रुपये बतायी गयी है.
संदिग्ध ऑल्टो कार की तलाशी में खुला शराब तस्करी का राज
उत्पाद विभाग की टीम शनिवार को उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले गंगा सेतु पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध ऑल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखी गयी देसी और विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद टीम ने चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया और तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया.
127.72 लीटर शराब बरामद, 87 हजार रुपये कीमत
कार से कुल 127.72 लीटर शराब बरामद हुई. इसमें 71.20 लीटर देसी और 56.52 लीटर विदेशी शराब शामिल है. उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब की कुल कीमत करीब 87 हजार रुपये आंकी गयी है. कार्रवाई के बाद शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.
भरौली से शराब की खेप लेकर बक्सर पहुंचा था तस्कर
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पवनी निवासी ओमप्रकाश सिंह के पुत्र तेजनारायण सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बक्सर की सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के भरौली से शराब की खेप लेकर आया था. इसे जिले के अलग-अलग इलाकों में खपाने की योजना थी.
उत्पाद अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
उत्पाद विभाग ने शराब और कार को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में वाहनों की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी.
