बक्सर से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Buxar Electricity Crisis : चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ बुधवार को हजारों उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. महादेव घाट पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने किया. प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग पर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया.
लो वोल्टेज और कटौती से परेशान हैं उपभोक्ता
धरना में वक्ताओं ने कहा कि वार्ड संख्या 11, 12, 13 और 14 समेत कई इलाकों में लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और जर्जर तारों की समस्या लगातार बनी हुई है. कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है.
ग्रिड लाइन से जोड़ने की उठी मांग
धरना समाप्त होने के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, बक्सर के कार्यपालक अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में रेलवे स्टेशन चौसा, न्यायीपुर, कनक नारायणपुर, नंदपुर और अखौरीपुर गोला क्षेत्र को ग्रिड लाइन से जोड़ने की मांग की गई. लोगों का कहना है कि ग्रिड कनेक्शन नहीं होने के कारण इन इलाकों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति संभव नहीं हो पा रही है.
हाईटेंशन लाइन हटाने और ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कनक नारायणपुर वार्ड-11 की घनी आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को सुरक्षा के मद्देनजर गांव के बाहर शिफ्ट करने की मांग की. साथ ही रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर को हटाकर 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा स्टेट बैंक अखौरीपुर गोला-सासाराम मुख्य पथ के पास लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की भी मांग की गई.
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज
उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने कहा कि यह आंदोलन किसी अधिकारी के खिलाफ नहीं बल्कि जनता के अधिकार और सुरक्षा के लिए है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग ने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया तो हजारों उपभोक्ताओं के साथ आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. ज्ञापन सौंपने वालों में विकास राज, वार्ड पार्षद रामबाबू, छोटेलाल चौधरी, अजीत सिंह, सोनू गॉड, ओम प्रकाश शर्मा, प्रेम प्रकाश शर्मा, राकेश यादव, अभिषेक गुप्ता, आर्यन, लालमोहर राम, विक्की मालाकार, कल खरवार और रूपक कुशवाहा समेत सैकड़ों उपभोक्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें : बिहार के कॉलेजों में प्रिंसिपल बनने के नियम बदले, अब इतने साल का अनुभव जरूरी, आरोपित उम्मीदवारों को नहीं मिलेगी कुर्सी
