Buxar News : बक्सर के इटाढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को जिलाधिकारी साहिला के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आयी. निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले. डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं.
प्रभारी समेत कई डॉक्टर और कर्मी मिले अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, दो चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, लिपिक, बीसीएम, एलटी सहित कई कर्मी अनुपस्थित पाये गये. इसके अलावा पांच ममता कार्यकर्ता भी ड्यूटी से गायब मिलीं. डीएम ने अनुपस्थित सभी चिकित्सकों के संबंधित तिथि के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया.
स्वास्थ्य प्रबंधक समेत तीन पर निलंबन की तलवार
लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्य प्रबंधक, बीसीएम और लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. वहीं लगातार अनुपस्थित रहने वाली चार ममता कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त करने का आदेश दिया गया. एक ममता कार्यकर्ता द्वारा अग्रिम उपस्थिति दर्ज किये जाने का मामला भी सामने आया, जिस पर उससे स्पष्टीकरण मांगा गया है.
वेतन-मानदेय कटौती का भी निर्देश
बीसीएम, एलटी सहित संबंधित कर्मियों के अनुपस्थित रहने की तिथि का वेतन अथवा मानदेय काटने के साथ स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया है. डीएम ने कहा कि अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मियों की अनुपस्थिति की शिकायत पहले भी मिलती रही है. बैठकों और अन्य अवसरों पर समय पर उपस्थित रहकर दायित्व निभाने के निर्देश दिये जाते रहे हैं, इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में कर्मियों का अनुपस्थित मिलना गंभीर मामला है.
साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था भी मिली खराब
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली. इस पर डीएम ने सिविल सर्जन और डीपीएम से स्पष्टीकरण मांगा है. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
एक्सपायरी दवाओं को लेकर भी डीएम सख्त
डीएम ने अस्पताल में दवा वितरण और दवाओं के स्टॉक की भी जांच की. उन्होंने फार्मासिस्ट को हर माह एक्सपायरी होने वाली दवाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही एक्सपायरी दवाओं को उपयोग से तत्काल हटाकर उनका समुचित निस्तारण कराने और दवाओं का एक्सपायरी से पहले उपयोग सुनिश्चित करने को कहा.
निरीक्षण के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता, बक्सर एवं विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा भी मौजूद रहे.
