Buxar News : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के समाज सेवा प्रभाग की ओर से पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति पर चल रहे पंच दिवसीय विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तहत रविवार को बक्सर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. बाबानगर, डिफेंस कॉलोनी स्थित ब्रह्माकुमारीज परमात्म अनुभूति भवन में आयोजित शिविर में 6 रक्त वीरांगनाओं समेत कुल 26 लोगों ने निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया.
एक लाख यूनिट रक्तदान का संकल्प
संस्था की ओर से बताया गया कि 21 से 25 अगस्त तक भारत और नेपाल में विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत इस वर्ष एक लाख से अधिक यूनिट रक्तदान कराने का संकल्प लिया गया है. पिछले वर्ष भी संस्था ने एक लाख यूनिट के लक्ष्य के साथ 88,378 यूनिट रक्तदान कराया था. इस वर्ष पिछले आंकड़े को पार करने की उम्मीद जतायी गयी है.
दादी प्रकाशमणि के सेवा संदेश को किया याद
शिविर में संस्था की संचालिका ब्रह्माकुमारी रानी दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि का पूरा जीवन समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा. वह आज देह रूप में हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके सेवा कार्य और विचार आज भी लोगों को सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि अपने रक्त की कुछ बूंदों से किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है.
फादर मनोज ने रक्तदान कर दिया भाईचारे का संदेश
शिविर में बक्सर कैथोलिक चर्च से फादर मनोज भी पहुंचे और उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. उनके रक्तदान को सर्वधर्म समभाव और विश्व बंधुत्व की मिसाल के रूप में देखा गया. शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.
ब्लड बैंक और संस्था का रहा सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में सोहनीपट्टी स्थित मां मुंडेश्वरी चिल्ड्रन हॉस्पिटल के अधीन मां तपेश्वरी देवी ब्लड बैंक और ब्लड बक्सर संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही. शिविर में रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व की जानकारी भी दी गयी.
26 रक्तदाताओं ने पेश की मानवता की मिसाल
रक्तदान करने वालों में काजल मिश्रा, सविता सिंह, बबीता देवी, ममता कुमारी, तेतरी देवी, नीतू देवी, विनय कुमार, अजय सिंह, ब्रह्माकुमार अंकित, विकास कुमार, मनोज कुमार पटेल, ऋषि राज मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, राज कुमार, आनंद ओझा, विनय सिंह और दिनेश कुमार सहित कुल 26 रक्तदाता शामिल रहे. आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की.
