Buxar News : भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से छह अगस्त को भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुमिरन सिंह एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने अहिरौली स्थित पार्टी कार्यालय का दौरा किया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राय ने की, जबकि संचालन उमाकांत पांडेय ने किया.
स्थापना से संगठन विस्तार तक की जानकारी दी
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन के स्वागत भाषण से हुई. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुमिरन सिंह ने भाजपा के गठन, वैचारिक पृष्ठभूमि, नेतृत्व, सरकार और संगठन के विस्तार से जुड़ी जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े परिवारों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.
समाज के विकास में भागीदारी निभाने की अपील
सुमिरन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ही बिहार और देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है.
कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी : मनोज सिंह
प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं. कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत के बल पर पार्टी देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी बनी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के सिद्धांतों और केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में सिद्धनाथ सिंह, धनंजय राय, मनोज पांडेय, अमन पांडेय, संजय पांडेय, पंकज पांडेय, मृत्युंजय सिंह, सत्यनारायण कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
