बक्सर में ई-शिक्षाकोष पोर्टल में गड़बड़ी का मामला आया सामने, शिक्षक और प्रधान शिक्षिका से 24 घंटे में शिक्षा विभाग ने मांगा जवाब

Bihar News: बक्सर में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन उपस्थिति में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय परमेश्वरपुर के शिक्षक और प्रधान शिक्षिका से 24 घंटे के भीतर जवाब तलब किया है.

Bihar News: (त्रिलोकी चौबे) बक्सर जिले के नावानगर प्रखंड में सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है. इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), नावानगर ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित शिक्षक और प्रधान शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा है.

प्रखंड शिक्षा कार्यालय द्वारा जारी पत्र (पत्रांक 449, दिनांक 29/05/2026) के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय परमेश्वरपुर के शिक्षक अविनाश कुमार वर्मा की मई 2026 की ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही पाई गई है. जांच में पाया गया कि शिक्षक ने पूरे महीने में केवल दो दिनों का ही “चेक-आउट” समय दर्ज किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्होंने विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थिति नहीं दी.

प्रधान शिक्षिका पर भी उठे सवाल

इस मामले में विद्यालय की प्रधान शिक्षिका की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने माना है कि इस अनियमितता में प्रधान शिक्षिका की संलिप्तता (मिलीभगत) से इनकार नहीं किया जा सकता. विभाग ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की संभावना जताई है. बीईओ ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही और संभावित मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

24 घंटे में मांगा गया जवाब

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने प्रधान शिक्षिका को निर्देश दिया है कि वे संबंधित शिक्षक से स्पष्ट साक्ष्य प्राप्त करें और दोनों अपना पक्ष 24 घंटे के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करें. पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

जांच रिपोर्ट भी संलग्न

विभाग की ओर से जारी पत्र के साथ मई 2026 की ई-शिक्षाकोष पोर्टल की ऑनलाइन उपस्थिति की छाया प्रति भी संलग्न की गई है, जो मामले की जांच का आधार बनी है. इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

Also Read:बक्सर में नगर परिषद में सियासी तनाव, पार्षदों में बाद बढ़ा विवाद, थाने तक पहुंचा मामला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >