दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में आरा ने नेपाल को 3-1 से हराया

ब्रह्मपुर प्रखंड के धरौली गांव स्थित जोगीबीर बाबा खेल मैदान में बुधवार को बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के छठे दिन दूसरे सेमीफाइनल का रोमांचक मुकाबला खेला गया.

बक्सर. ब्रह्मपुर प्रखंड के धरौली गांव स्थित जोगीबीर बाबा खेल मैदान में बुधवार को बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के छठे दिन दूसरे सेमीफाइनल का रोमांचक मुकाबला खेला गया. मैच का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी कृष्णानंद सिंह उर्फ छोटे सिंह, पूर्व सदर विधायक संजय तिवारी उर्फ मुना तिवारी एवं मुख्य आयोजक सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज सिंह, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, व्यवसायी हेमन्त सिंह एवं स्वंयंबर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा गेंद को किक मारकर किया. दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला नेपाल और आरा की टीमों के बीच खेला गया। शुरू से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. खेल शुरू होने के बाद ही मध्यांतर से पहले दोनों टीमों ने 1-1 से बराबरी का टक्कर दिया. वहीं मध्यांतर के उपरांत जबरदस्त रोमांचक मुकाबला में आरा ने 2-1 से बढ़त बनाया. वहीं निर्धारित समय के अंदर आरा ने नेपाल को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. मैच के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, पासिंग और गोल पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा. उद्घाटनकर्ता सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है. खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती मिलती है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की भावना भी विकसित होती है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और युवा नशा व भटकाव से दूर रहते हैं. सांसद ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं. फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ रमेश सिंह एवं व्यवस्थापक रंजीत सिंह उर्फ फुड्डू सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों के लिए चाय, नाश्ता एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गयी है. उन्होंने जानकारी दी कि अंतिम दिन फाइनल मुकाबला गाजीपुर बनाम आरा की टीमों के बीच खेला जायेगा. मुख्य आयोजनकर्ता एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता बाबू मनोज सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबू राजमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है. डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जायेगा. विजेता टीम को पांच लाख रुपये नकद एवं कप, जबकि उपविजेता टीम को 2 लाख 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जायेगा. मैच में मुख्य रेफरी की भूमिका मोहम्मद सलाम ने निभायी. सहायक रेफरी के रूप में शशि कुमार सुमन, संतोष पांडेय, पप्पू कुमार सिंह एवं जनार्दन सिंह रहे। उद्घोषणा ब्रदर महान, मनीष उपाध्याय और आशुतोष पांडेय ने की. इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि परमा यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल सिंह, डॉ श्रवण तिवारी, अनुराग पांडेय, अमित पांडेय, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय, धनंजय पांडेय, रूपेश दुबे, अनिरुद्ध सिंह, गोपाल पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, अनिल प्रताप सिंह, मोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >