बक्सर के डॉ मनोज यादव बने फेयर प्राइस डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष, पटना में सर्वसम्मति से हुआ चुनाव, डीलरों में खुशी की लहर

All India Fair Price Shop Dealers Federation : बक्सर के डॉ मनोज यादव पटना में फेयर प्राइस डीलर्स फेडरेशन के चुनाव के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए. सर्वसम्मति से हुए चुनाव के बाद डीलरों में उत्साह का माहौल है. नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए कई अहम पदों पर नियुक्तियां की गईं. बैठक में डीलरों की सात सूत्री मांगों को लेकर भी अहम चर्चा हुई.

बक्सर के चौसा से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट
All India Fair Price Shop Dealers Federation : बक्सर के चौसा निवासी डॉ मनोज कुमार यादव पटना में आयोजित ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन बिहार इकाई के चुनाव में को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुने गए. इस अहम जिम्मेदारी के मिलते ही बक्सर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है. वहीं देवन रजक को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई. चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.

एमआईए सभागार में संपन्न हुआ चुनाव

पटना के एमआईए सभागार में आयोजित इस चुनाव में बिहार के अलग अलग जिलों से बड़ी संख्या में डेलीगेट पहुंचे थे. सभी प्रतिनिधियों ने एकमत होकर डॉ मनोज यादव को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुना. चुनाव प्रक्रिया के दौरान 51 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिससे संगठन को और मजबूत आधार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

कई अहम पदों पर हुई नियुक्ति

नई कार्यकारिणी में भागलपुर के चंदन कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया. मुजफ्फरपुर के हीरालाल यादव को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई. इसके अलावा मोहम्मद अकील अहमद को प्रदेश उपाध्यक्ष, सहेंद्र पासवान को प्रदेश प्रवक्ता और महेश पासवान को कार्यालय प्रभारी बनाया गया. मंत्री और सह मंत्री सहित कई अन्य पदों पर भी चुनाव कराया गया. सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया.

सात सूत्री मांगों पर हुई अहम चर्चा

चुनाव के बाद आयोजित बैठक में जन वितरण प्रणाली से जुड़े दुकानदारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. राज्य के करीब 55000 डीलरों की सात सूत्री मांगों को प्रमुख एजेंडा बनाया गया. इसमें डीलरों के लिए 30000 रुपये मासिक मानदेय तय करने की मांग प्रमुख रही. इसके अलावा अनुकंपा सीमा खत्म करने, डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था समाप्त करने और दुकानदारों को खुद गोदाम से अनाज उठाने की छूट देने पर जोर दिया गया.

डीलरों के हित में नए कानून की मांग

बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि कंट्रोल एक्ट 2016 में संशोधन कर डीलरों के हित में नया कानून बनाया जाए. साथ ही परिवहन खर्च का भुगतान सरकार द्वारा करने, अधिकतम आयु सीमा 75 वर्ष तय करने और उसके बाद नॉमिनी को लाइसेंस देने का प्रावधान लागू करने की बात कही गई. डीलरों ने गोदाम किराया, बिजली बिल और पीओएस मशीन के रखरखाव का खर्च भी सरकार से वहन करने की मांग रखी.

संगठन को मजबूत करने का निर्णय

संगठन को मजबूत बनाने के लिए वर्ष 2026-27 में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का फैसला लिया गया. नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ मनोज यादव ने कहा कि डीलरों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा और उनकी हर समस्या को मजबूती से उठाया जाएगा.

डॉ मनोज यादव के प्रदेश अध्यक्ष बनने से फेयर प्राइस डीलर्स के बीच नई उम्मीद जगी है. अब देखना होगा कि उनकी अगुवाई में संगठन अपनी मांगों को सरकार तक कितनी मजबूती से पहुंचा पाता है और डीलरों की समस्याओं का समाधान कब तक निकलता है.

Also Read: बक्सर में दाखिल-खारिज का नया नियम लागू, अब CO के जांच बिना नहीं होगी रजिस्ट्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >