पांच लाख पचास हजार रुपये वसूला गया जुर्माना
संवाददाता, बक्सर
ओवरलोडेड ट्रकों के खिलाफ जिलाधिकारी रमन कुमार के नेतृत्व में मंगलवार की रात जिले के विभिन्न इलाकों में छापामारी की गयी. छापामारी के दौरान विभिन्न सड़कों से 24 ओवरलोडेड ट्रकों को जब्त किया गया. जब्त ट्रकों से प्रशासन ने पांच लाख पचास हजार रुपया बतौर जुर्माना वसूल किया है. उल्लेखनीय है कि डुमरांव-बिक्रमगंज हाइवे और एनएच 84 पर ओवरलोडेड ट्रकों के परिचालन के कारण सड़कें पूरी तरह जजर्र हो गयी है. आलम यह है कि डुमरांव हाइवे पर गड्ढे में हर दिन ट्रकों के फंसने का सिलसिला जारी है, जिसके कारण आये दिन घंटों आवागमन बाधित होता है. ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर अभियान की शुरुआत की है. जिलाधिकारी के नेतृत्व में एसडीओ अवधेश कुमार आनंद और अंचलाधिकारी विजय कुमार सिंह ने औद्योगिक थाना क्षेत्र के समीप एनएच पर छापामारी कर कुल 12 ओवरलोडेड ट्रकों को जब्त किया है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चौसा में तीन, नावानगर में दो, राजपुर में दो, कोरानसराय में दो और डुमरांव में ओवरलोडेड तीन ट्रकों को जब्त किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ जिले में अभियान जारी रहेगा.
